Last Updated:
Holi 2026: स्वप्न शास्त्र के अनुसार, यदि होलाष्टक के दौरान आप खुद को सपने में पीले रंग के साथ होली खेलते हुए देखते हैं, तो इसे बेहद शुभ माना जाता है. पीला रंग भगवान श्रीहरि को अत्यंत प्रिय है. ऐसा स्वप्न इस बात का संकेत देता है कि आने वाले समय में आपकी सेहत में सुधार होगा.
उज्जैन. होली का पर्व रंगों और खुशियों का संदेश देता है लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि होली से ठीक 8 दिन पहले होलाष्टक की शुरुआत हो जाती है. साल 2026 में होलाष्टक 24 फरवरी से 3 मार्च तक रहेगा. मान्यता है कि इन दिनों विवाह या नए काम की शुरुआत नहीं की जाती लेकिन भक्ति, जप और पूजा-पाठ के लिए यह समय बेहद शुभ होता है. शास्त्रों के अनुसार, होलाष्टक के दौरान आने वाले कुछ सपने सामान्य नहीं होते बल्कि ये संकेत देते हैं कि ईश्वर की विशेष कृपा मिलने वाली है. आइए जानते हैं उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज से उन खास सपनों के बारे में.
अगर होलाष्टक के दौरान आप सपने में देखते हैं कि दोस्त या परिवार के सदस्य खुशी और उत्साह के साथ होली खेल रहे हैं, तो यह बहुत शुभ संकेत माना जाता है. इसका मतलब है कि घर का माहौल जल्द ही शांत और सुखद होने वाला है. रिश्तों में चली आ रही गलतफहमियां और कड़वाहट दूर होगी. परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और आपसी समझ बढ़ेगी. साथ ही सामाजिक जीवन में आपकी प्रतिष्ठा और मान-सम्मान में भी वृद्धि होगी.
सपने में भगवान विष्णु या भक्त प्रह्लाद के दर्शन
होलाष्टक की कथा भक्त प्रह्लाद और भगवान विष्णु से जुड़ी मानी जाती है. यदि इस पावन समय में आपको स्वप्न में श्रीहरि विष्णु के दर्शन हों या भक्त प्रह्लाद दिखाई दें, तो यह अत्यंत शुभ संकेत है. इसका अर्थ है कि आपके जीवन की परेशानियां अब समाप्त होने वाली हैं. यह सपना दर्शाता है कि स्वयं भगवान आपकी रक्षा कर रहे हैं और आने वाला समय सुख, शांति और सफलता लेकर आएगा.
पीले रंग से होली खेलना
स्वप्न शास्त्र के अनुसार, यदि होलाष्टक के दौरान आप खुद को पीले रंग या पीले गुलाल के साथ होली खेलते हुए देखते हैं, तो इसे बेहद शुभ माना जाता है. पीला रंग भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है. ऐसा सपना इस बात का संकेत देता है कि आने वाले समय में आपकी सेहत में सुधार होगा और मानसिक तनाव धीरे-धीरे समाप्त होगा. जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होगा. यह सपना खुशखबरी और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक माना जाता है.
साफ और पवित्र नदी देखना
स्वप्न शास्त्र के अनुसार, यदि सपने में आप गंगा जैसी किसी पवित्र और स्वच्छ नदी को बहते हुए देखते हैं, तो इसे अत्यंत शुभ माना जाता है. यह सपना संकेत देता है कि आपके जीवन से नकारात्मक ऊर्जा दूर होने वाली है. आने वाले समय में मानसिक शांति मिलेगी और करियर से जुड़ी अड़चनें समाप्त होंगी. साथ ही उन्नति के नए अवसर सामने आएंगे और सफलता के मार्ग खुलेंगे.