Holi Special Train 2026: होली आते ही सबसे बड़ी चिंता होती है कन्फर्म टिकट की. लेकिन इस बार घर जाने वालों के लिए राहत भरी खबर है. बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई रूटों पर होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है. भोपाल रेल मंडल ने भोपाल, रानी कमलापति, रीवा, दानापुर और पटना रूट पर अतिरिक्त ट्रेनें देने की तैयारी कर ली है, ताकि त्योहार में यात्रियों को परेशानी न हो.
28 फरवरी से 5 मार्च तक चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ये स्पेशल ट्रेनें 28 फरवरी से चलना शुरू होंगी और 5 मार्च तक वापसी फेरे लगाकर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाएंगी. रीवा-रानी कमलापति सुपरफास्ट स्पेशल (02192/02191), भोपाल-रीवा स्पेशल (01704/01703) और रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल (01667/01668) जैसी ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर संचालित होंगी.
यात्री इन ट्रेनों के लिए कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र या IRCTC वेबसाइट से टिकट बुक कर सकते हैं. रेलवे ने अपील की है कि समय रहते आरक्षण करा लें.
महू-इंदौर से पटना के लिए सीधी सुविधा
होली पर बिहार जाने वालों के लिए भी राहत है. डॉ. आंबेडकर नगर (महू) से इंदौर होते हुए पटना के लिए स्पेशल ट्रेन (09343/09344) 26 फरवरी से शुरू हो रही है. यह हर गुरुवार को महू से शाम 6 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6:30 बजे पटना पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन शुक्रवार रात 9:30 बजे पटना से चलेगी. यह ट्रेन उज्जैन, मक्सी, संत हिरदाराम नगर, विदिशा, बीना, सागर, कटनी, सतना, प्रयागराज, बक्सर और दानापुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इसमें एसी, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे.
कुछ ट्रेनें अस्थायी रूप से प्रभावित
रतलाम मंडल में दोहरीकरण कार्य के कारण 1 मार्च तक उज्जैन-चित्तौड़गढ़ पैसेंजर ट्रेनें रतलाम तक ही चलेंगी. 27 और 28 फरवरी को कुछ एक्सप्रेस और डेमू ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है. कुल मिलाकर इस बार होली पर रेलवे ने पहले से तैयारी कर ली है. अगर आप भी घर जाने की सोच रहे हैं तो जल्दी टिकट बुक कर लें, ताकि त्योहार रंगों के साथ सुकून से मनाया जा सके.