Last Updated:
Aiden Markram T20 captaincy Record: एडेन मार्करम ने टी20 वर्ल्ड कप में कप्तानी के नए मानक स्थापित किए हैं. रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो दक्षिण अफ्रीकी कप्तान की सफलता की दर अविश्वसनीय है.उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में 15 मैचों में कप्तानी की है और 14 मैचों में उन्हें जीत मिली है. इस दौरान मार्करम ने रोहित शर्मा जैसे दिग्गज को पीछे छोड़ दिया है.
एडेन मार्करम ने कप्तानी में बनाया रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में जब भी महान कप्तानों की बात होती है, तो जेहन में सबसे पहले महेंद्र सिंह धोनी या रोहित शर्मा जैसे नाम आते हैं. लेकिन क्रिकेट के इस सबसे छोटे और सबसे कठिन प्रारूप में एक नया ‘शासक’ उभर कर सामने आया है, जिसने अपनी शांत कप्तानी और अविश्वसनीय आंकड़ों से दुनिया को हैरान कर दिया है.वह नाम है दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम. मार्क्रम की कप्तानी की कहानी किसी चमत्कार से कम नहीं है, और उनके आंकड़े गवाही देते हैं कि क्यों उन्हें दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट का भविष्य कहा जाता है.
एडेन मार्करम (Aiden Markram) की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को टी20 वर्ल्ड कप सुपर 8 में 9 विकेट से हराया. मार्करम की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका की टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह 14वीं जीत है.उन्होंने यह उपलब्धि 15 मैचों में हासिल की है.मार्करम ने इस दौरान रोहित शर्मा, डेरेन सैमी और दासुन शनाका को पीछे छोड़ा है जबकि केन विलियम्सन की बराबरी की है. विलियम्स ने भी अपनी कप्तानी में न्यूजीलैंड को 14 मैचों में जीत दिलाई थी जबकि इस दौरान उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में 21 मैच खेले थे.महेंद्र सिंह धोनी इस लिस्ट में नंबर वन हैं.धोनी ने 33 मैचों में 21 में जीत दर्ज की जबकि रोहित और डेरेन सैमी ने एक समान 12-12 मैचों में जीत दर्ज की.
एडेन मार्करम ने कप्तानी में बनाया रिकॉर्ड.
दबाव में निखरने वाला कप्तान
एडेन मार्करम की कप्तानी की सबसे बड़ी खूबी उनका ‘आइस-कूल’ स्वभाव है. दक्षिण अफ्रीका को अक्सर बड़े टूर्नामेंटों के दबाव में बिखरने के लिए जाना जाता था (चोकर्स टैग), लेकिन मार्क्रम की अगुवाई में टीम ने कठिन परिस्थितियों से मैच जीतना सीखा है. चाहे 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबले हों या 2026 के इस सीजन में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से रौंदना, मार्करम ने साबित किया है कि उनके पास प्लान ‘B’ हमेशा तैयार रहता है.
बल्लेबाजी और नेतृत्व का अनूठा संगम
एक कप्तान के तौर पर मार्करम केवल टॉस करने या फील्डिंग सजाने तक सीमित नहीं हैं. वे ओपनिंग में आकर पारी को संभालते हैं और जरूरत पड़ने पर अपनी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को फंसाते हैं. उनकी कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका की टीम एक ‘यूनिट’ की तरह खेल रही है, जहां हर खिलाड़ी को अपनी भूमिका पता है.
मार्करम ने नाबाद 82 रन बनाए
मार्करम के (नाबाद 82 रन) के अर्धशतक के साथ उनकी दो साझेदारियों से अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को नौ विकेट से हराकर जीत का सिलसिला जारी रखते हुए आईसीसी टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली. दक्षिण अफ्रीका ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजी में भी कमाल किया. टीम ने अपनी बेहतरीन रणनीति की बदौलत जीत की लय जारी रखी. यह उनकी लगातार छठी जीत थी जिससे उन्होंने टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज के अजेय क्रम पर लगाम लगाई. दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज पर जीत से दो अहम अंक जुटाए जिससे मेजबान भारत की अब क्वालीफिकेशन की उम्मीदें मजबूत हो गई हैं. दक्षिण अफ्रीका से मिली हार से भारत की उम्मीदों को झटका लगा था. इस हार से कैरेबियाई टीम के नेट रन रेट पर असर पड़ा जो 5.350 से घटकर 1.791 हो गया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें