अशोकनगर में 2 साल के बच्चे की कुएं में डूबने: घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा, अस्पताल में डॉक्टरों ने की पुष्टि – Ashoknagar News

अशोकनगर में 2 साल के बच्चे की कुएं में डूबने:  घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा, अस्पताल में डॉक्टरों ने की पुष्टि – Ashoknagar News




अशोकनगर जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के पीपलखेड़ा गांव में गुरुवार शाम दो साल के बच्चे की पानी में डूबने से मौत हो गई। बच्चा अपने घर के बाहर खेलते समय पास के कुएं में गिर गया था। जानकारी के अनुसार, मृतक रुद्राक्ष यादव (2) पुत्र शिवेंद्र यादव अपने घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं में जा गिरा। जब काफी देर तक बच्चा दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान परिजनों ने पास के कुएं में देखा, जहां रुद्राक्ष पानी में पड़ा मिला। उसे तुरंत कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। परिवार के लोग उसे तत्काल निजी वाहन से अशोकनगर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। देर शाम जिला अस्पताल में बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया है कि शिवेंद्र यादव का परिवार गांव से दूर खेतों पर रहता है। उनके घर से कुछ ही दूरी पर वह कुआं स्थित है, जहां यह हादसा हुआ।



Source link