ग्वालियर में पुराने विवाद और रंगबाजी के चलते पास की कॉलोनी में रहने वाले एक सिरफिरे युवक ने ऑटो में लाइटर से आग लगा दी। ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग की लपटें और आवाज सुनकर जब ऑटो मालिक बाहर आया, तब आरोपी वहीं खड़ा मिला। वह कह रहा था- जो करना था, कर दिया… अब तेरा धंधा ही खत्म कर दूंगा। घटना गुरुवार-शुक्रवार की रात बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित चामुंडा माता मंदिर के पास कोटेश्वर रोड की है। इसका एक सीसीटीवी फुटेज शुक्रवार दोपहर सामने आया। पुलिस ने शाम को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धमाकों की आवाज सुनकर बाहर आए परिजन शहर के बहोड़ापुर स्थित विनय नगर सेक्टर-3 निवासी मोनू पुत्र कन्हैयालाल राठौर ऑटो चलाने का काम करता है। कुछ दिन पहले मोनू राठौर का शिवेंद्र राजपूत से रंगदारी को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार 26 फरवरी की रात आरोपी शिवेंद्र राजपूत नशे की हालत में चामुंडा माता मंदिर के पास पहुंचा, जहां मोनू राठौर की ऑटो खड़ी थी। उसने जेब से लाइटर निकाला और ऑटो में आग लगा दी। कुछ ही देर में आग भड़क उठी और धमाकों की आवाज आने लगी। मोनू राठौर और उसके परिजनों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। CCTV कैमरे में कैद हुई घटना ऑटो को आग लगाने की पूरी घटना पास ही लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। शुक्रवार को जब CCTV फुटेज सामने आए तो पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ऑटो में आग लगाने के बाद काफी देर तक आरोपी वहीं खड़ा रहा था। बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया- एक सिरफिरे ने आपसी टशन पर एक ऑटो में आग लगा दी। आरोपी के खिलाफ मामला जांच में लेकर उसकी तलाश की जा रही है।
Source link