छतरपुर जिले में छात्राओं से अश्लील हरकत के आरोप में बड़ी कार्रवाई की गई है। शासकीय प्राथमिक शाला हरिजन बस्ती धौरी के प्राथमिक शिक्षक संजीव कुमार चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज की गई है।
.
यह मामला संज्ञान में आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अरुण शंकर पांडे ने जांच के आदेश दिए। जांच के लिए विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, जनपद शिक्षा केंद्र छतरपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया था। जांच प्रतिवेदन में आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए हैं।
जांच प्रतिवेदन के अनुसार, शिक्षक पर विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के साथ अशोभनीय और आपराधिक श्रेणी की हरकत करने के आरोप हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिक्षा विभाग ने इस कृत्य को म.प्र. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3(1), 3(2) एवं 3-(क), (ख) का उल्लंघन तथा गंभीर कदाचार माना है। इसे शिक्षकीय गरिमा के भी विरुद्ध बताया गया है।
म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत संजीव कुमार चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, गौरिहार, जिला छतरपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में अभिभावकों द्वारा सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह खबर भी पढ़ें छात्राएं बोलीं- ‘गोद में बैठाते हैं…अंडरगारमेंट्स में हाथ डालते हैं
छतरपुर के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में 6 से ज्यादा छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर ये छात्राएं रोती हुई घर लौटीं। परिजनों से कहा- क्लास में शिक्षक उनके साथ बहुत ही गंदी हरकत करते हैं। मास्टर जी गोद में बिठाते हैं। अंडरगारमेंट्स में हाथ डालते हैं। पूरी खबर पढ़िए…