Last Updated:
team india semi final equation after win over Zimbabwe: चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने दूसरे टी20 वर्ल्ड कप सुपर-8 मैच में 72 रन से जीत दर्ज करने के बाद भारत की सेमीफाइनल की राह आसान हो गई है. अब मेजबान टीम को टॉप-4 में जगह पक्की करने के लिए अपने आखिरी सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज को हराना होगा. यह दोनों टीमों के लिए नॉकआउट स्टेज में पहुंचने का आखिरी मौका होगा, जो भी टीम जीतेगी सेमीफाइनल का टिकट कटा लेगी.
भारत को सेमीफाइनल का टिकट कैसे मिलेगा?
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल की रेस अब अंतिम दौर में आ पहुंची है. दो टीमें टॉप-4 में जगह बना चुकी हैं, जबकि चार टीमों के बीच दो स्थानों के लिए जंग है. भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. वहीं, इंग्लैंड पहले ही नॉकआउट स्टेज में पहुंच चुका है. सेमीफाइनल की बची 2 सीटों के लिए अब ग्रुप-1 से भारत और वेस्टइंडीज, जबकि ग्रुप 2 से न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच दौड़ है. फैंस यह जानने के लिए बेताब हैं कि जिम्बाब्वे को हराने के बाद टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अब क्या करना होगा? चलिए हम आपको बताते हैं.
सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को क्या करना होगा?
टीम इंडिया ने करो या मरो मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ 72 रनों से बड़ी जीत दर्ज की. इस जीत ने तो भारत को टॉप-4 की रेस में बनाए रखा, लेकिन इससे पहले साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को शिकस्त देकर मेजबान टीम की सेमीफाइनल की राह थोड़ी आसान की. हालांकि, जिम्बाब्वे को हराने के बावजूद टीम इंडिया की राह इतनी भी आसान नहीं है. सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम इंडिया को सुपर-8 के अपने आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज से 1 मार्च को भिड़ना है.
भारत को सेमीफाइनल का टिकट कैसे मिलेगा?
भारतीय टीम को अगर अंतिम चार में अपनी जगह बनानी है, तो जिम्बाब्वे की तरह यह मुकाबला भी उसके लिए करो या मरो वाला ही है. भारत को सेमीफाइनल बर्थ पक्की करने के लिए कैरेबियाई टीम के खिलाफ जीत दर्ज करनी ही होगी. रविवार को होने वाले मैच में भारत और वेस्टइंडीज में से जो भी जीत दर्ज करेगा, वह सीधा सेमीफाइनल में अपनी जगह बना लेगा. ग्रुप एक से साउथ अफ्रीका पहले ही क्वालीफाई कर चुकी है.
न्यूजीलैंड के पास टॉप-4 में पहुंचने का मौका
दूसरे ग्रुप में इंग्लैंड ने लगातार दो जीत दर्ज करके सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है. न्यूजीलैंड ने 2 मैचों में से एक में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ टीम का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था. न्यूजीलैंड को सुपर-8 के अपने आखिरी मैच में 27 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ना है. न्यूजीलैंड की टीम अगर इंग्लैंड को हराने में सफल रहती है, तो टीम को आसानी से अंतिम चार का टिकट मिल जाएगा. हालांकि, अगर न्यूजीलैंड इंग्लैंड से हार जाती है, तो टीम के लिए चीजें खराब हो सकती हैं. न्यूजीलैंड के साथ अच्छी बात यह है कि अभी टीम का नेट रन रेट (+3.050) काफी अच्छा है.
पाकिस्तान करेगा न्यूजीलैंड की हार की दुआ
दो मैचों के बाद पाकिस्तान के पास अभी सिर्फ एक अंक है. पाकिस्तान को 28 फरवरी को सुपर-8 के अपने आखिरी मुकाबले में श्रीलंका से भिड़ना है. पाकिस्तान अगर श्रीलंका को हरा देता है, तो टीम के कुल तीन अंक हो जाएंगे. हालांकि, पाकिस्तान को यह भी दुआ करनी होगी कि इंग्लैंड न्यूजीलैंड को हराने में सफल रहे. पाकिस्तान श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करने में सफल रहता है और न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ हार झेलनी पड़ती है, तो इस स्थिति में बेहतर नेट रन रेट वाली टीम को सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें