विदिशा के खाटू श्याम मंदिर में फाल्गुन शुक्ल एकादशी के अवसर पर फाग मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जिन्होंने श्याम बाबा के दर्शन किए। मंदिर परिसर सुबह से ही श्याम बाबा के जयकारों और भजनों से गूंज उठा। दूर-दराज से आए श्रद्धालु कीर्तन मंडलियों के साथ झांझ-मंजीरे बजाते हुए मंदिर पहुंचे। मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था। बाबा के आकर्षक श्रृंगार के लिए कोलकाता से विशेष फूल मंगवाए गए थे, जिनसे दरबार को भव्य रूप दिया गया। रंग-बिरंगे फूलों और रोशनी से सजे मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर भक्तों द्वारा सवामनी प्रसादी का भोग भी अर्पित किया गया। दिनभर भजन-कीर्तन, पुष्प वर्षा और आरती का क्रम जारी रहा, जिससे मंदिर परिसर श्रद्धा और उल्लास से सराबोर रहा। खाटू श्याम समिति के अध्यक्ष घनश्याम बंसल ने बताया कि यह फाग मेला पिछले आठ वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्याम जगत में इस तिथि का विशेष महत्व है, क्योंकि मान्यता है कि इसी दिन भगवान खाटू श्याम ने अपना शीश दान किया था। इसलिए फाल्गुन शुक्ल एकादशी को श्रद्धालु अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं। इस वर्ष श्रद्धालुओं की सेहत को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल टीम और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
Source link