डीआईजी नवनीत भसीन ने ली कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक: होली और रमजान पर्व के लिए देवास में दिए दिशा-निर्देश – Dewas News

डीआईजी नवनीत भसीन ने ली कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक:  होली और रमजान पर्व के लिए देवास में दिए दिशा-निर्देश – Dewas News




देवास में आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नवनीत भसीन ने देवास में कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक जिला कंट्रोल रूम सभागृह में आयोजित हुई, जिसमें त्योहारों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में एसपी देवास, एडिशनल एसपी, सीएसपी सहित सभी शहरी थाना प्रभारी उपस्थित रहे, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। डीआईजी ने त्योहारों के दौरान ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने के निर्देश देते हुए असामाजिक और अफवाह फैलाने वाले तत्वों की पूर्व पहचान कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष गश्त, फ्लैग मार्च और ड्रोन निगरानी के निर्देश दिए गए। प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा अस्थायी अतिरिक्त कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि कंट्रोल रूम से 24 घंटे लाइव निगरानी की जा सके। पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए होलिका दहन स्थलों पर पानी या रेत की व्यवस्था रखने तथा बड़े आयोजनों में फायर ब्रिगेड अनिवार्य रूप से तैनात रखने को कहा। विवादित स्थलों, यातायात बाधित करने वाले स्थानों या विद्युत तारों के नीचे होलिका दहन न करने की सलाह दी गई। राहगीरों को जबरन रंग न लगाने और प्राकृतिक/हर्बल रंगों के उपयोग का आग्रह किया गया। साथ ही होटल एवं ढाबों को रात्रि 10 बजे तक बंद रखने के निर्देश दिए गए। नशे की हालत में वाहन चलाने पर वाहन जब्ती और न्यायालयीन कार्रवाई की चेतावनी दी गई। रमजान के दौरान नमाज़ियों को किसी प्रकार का व्यवधान न हो, इसके लिए मस्जिद मार्गों पर संयम बनाए रखने की अपील की गई। जुलूस एवं धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित मार्ग और समय सीमा में ही आयोजित करने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नियमानुसार करने के निर्देश दिए गए।



Source link