देवास में फाल्गुन शुक्ल एकादशी के अवसर पर शुक्रवार को निशान यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा एमजी रोड स्थित खेड़ापति मंदिर से शुरू होकर अमृत नगर स्थित खाटू श्याम मंदिर तक पहुंची। इसमें 1101 श्याम भक्त शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने केसरिया, नारंगी और लाल रंग के ध्वज हाथों में ले रखे थे। यात्रा मार्ग पर भक्त श्याम भजनों पर झूमते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। एकादशी के पावन अवसर पर बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्याम प्रभु के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने लगे थे। मंदिर परिसर में पवित्र जोत प्रज्वलित करने और छप्पन भोग अर्पित करने सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। खाटू श्याम धाम मंदिर के संस्थापक श्याम शर्मा ने बताया कि यह खाटू श्याम बाबा की 17वीं विशाल निशान यात्रा थी। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले 17 वर्षों से हर साल फाल्गुन माह की एकादशी पर यह यात्रा खेड़ापति मंदिर से खाटू श्याम धाम मंदिर, अमृत नगर तक निकाली जाती है। शर्मा ने बताया कि 1101 श्याम प्रेमियों ने बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए मंदिर में निशान चढ़ाए। एकादशी का यह पर्व श्याम भक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन महाभारत काल में बाबा श्याम ने भगवान श्रीकृष्ण को अपने शीश का दान दिया था।
Source link