कथित विदेशी ट्रेड डील और दिल्ली में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार शाम नीमच में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। शहर के विजय टॉकीज चौराहे पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रतीकात्मक रूप से अर्धनग्न होकर सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह (मन्नू बन्ना) और जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि दिल्ली में एआई समिट के दौरान शांतिपूर्ण विरोध कर रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब सहित 12 नेताओं की गिरफ्तारी तानाशाही का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं और विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का दुरुपयोग कर रही है। ट्रेड डील की पारदर्शिता पर सवाल कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर देश की संपत्ति और किसानों के भविष्य को जोखिम में डालने वाली गोपनीय ट्रेड डील करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि विदेशी ट्रेड डील की सभी शर्तें सार्वजनिक की जाएं। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार नेताओं को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। यातायात रहा बाधित अर्धनग्न प्रदर्शन और नारेबाजी के चलते चौराहे पर कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम मुस्तैद रही। ये रहे उपस्थित इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, पुष्पेंद्र सिंह, अर्जुन गुर्जर, कमल छपरीबंद, युवराज झरिया, मानवेंद्र सिंह, निर्मल पाटीदार, अर्जुन धाकड़ सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link