Last Updated:
AUS W vs IND W 2nd ODI: ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में 5 विकेट से जीत दर्ज 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने एकतरफा जीत दर्ज की. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मैच में टीम इंडिया की बैटिंग और बॉलिंग दोनों ही साधारण रही.
ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दूसरे वनडे में हराया
नई दिल्ली: तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय महिला टीम टीम को 5 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ही मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 251 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 36.1 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 252 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया.
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉर्जिया वोल ने 101 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली. अपनी इस पारी में जॉर्जिया ने 82 गेंद का सामना किया, जिसमें उन्होंने 13 चौके और 1 छक्का भी लगाया. इसके अलावा फोवे लिचफील्ड ने भी 80 रनों का योगदान दिया. लिचफील्ड ने अपनी इस पारी में 62 गेंद का सामना करते हुए 11 चौके और 1 छक्का लगाया. इन दोनों के दमदार खेल से ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से मैच को अपने नाम कर लिया.
भारतीय टीम की बल्लेबाजी रही साधारण
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में टीम इंडिया की बल्लेबाजी बहुत ही साधारण रही. भारतीय टीम के लिए प्रतिका रावल और कप्तान हरमनप्रीत कौर को छोड़कर कोई खिलाड़ी ज्यादा प्रभावित नहीं कर पाईं. प्रतिका ने 81 गेंद में 52 रनों की पारी खेली, जबकि हरमनप्रीत कौर ने 70 गेंद में 54 रनों का योगदान दिया. हरमनप्रीत कौर ने 2 चौके और 1 छक्का भी लगाया.
वहीं गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एश्ले गार्डनर, एनाबेल सदरलैंड और अलाना किंग ने कमाल किया. इन तीनों ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 2-2 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा मेगन शट और निकोला कैरी ने भी 1-1 विकेट लिए.
भारतीय गेंदबाज रहे मैच में बेअसर
एक तरफ जहां ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने अपनी गेंदबाजी से भारतीय बल्लेबाजी को पूरी तरह से अपने कंट्रोल में रखा तो दूसरी ओर हरमनप्रीत की अगुवाई वाली टीम के बॉलर कुछ खास नहीं कर पाए. भारत के लिए बॉलिंग में सबसे ज्यादा काश्वी गौतम और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट लिए. इसके अलावा क्रांति गौड़ के खाते में एक विकेट आया.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें