बाबा खाटू श्याम का 251 किलो फूलों से दिव्य श्रृंगार: भोपाल में रंगभरी ग्यारस पर 56 भोग लगा; भजनों की स्वर लहरियों पर थिरके भक्त – Bhopal News

बाबा खाटू श्याम का 251 किलो फूलों से दिव्य श्रृंगार:  भोपाल में रंगभरी ग्यारस पर 56 भोग लगा; भजनों की स्वर लहरियों पर थिरके भक्त – Bhopal News




अमलकी एकादशी और रंगभरी ग्यारस के अवसर पर मां वैष्णो धाम आदर्श नवदुर्गा मंदिर स्थित बाबा खाटू श्याम मंदिर (प्लेटिनम) में भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे मंदिर परिसर को होली की थीम पर सजाया गया, जहां बाबा खाटू श्याम का 251 किलो फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगी पीचकारियों और गुब्बारों से सजे मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर की व्यवस्थापक चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि रंगभरी ग्यारस के उपलक्ष्य में विशेष आयोजन किया गया। बाबा का आकर्षक फूलों से श्रृंगार करने के साथ ही उन्हें 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। पूरे मंदिर परिसर को पुष्प सज्जा और रंगों की थीम से सुसज्जित किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवी नजर आया। कार्यक्रम के दौरान जयपुर से आईं भजन गायिका ने श्याम भजनों की प्रस्तुति दी। जैसे ही भजनों की स्वर लहरियां गूंजीं, श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इत्र की वर्षा के बीच भक्तों ने भजनों पर नृत्य कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। मंदिर में बाबा की ज्योत प्रज्वलित की गई और सामूहिक आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रृंगार दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। होली से पहले रंगभरी ग्यारस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने भक्तों को आध्यात्मिक आनंद के साथ उत्सव का उल्लास भी प्रदान किया। मंदिर समिति के अनुसार, देर रात तक भजन-कीर्तन और प्रसादी वितरण का सिलसिला चलता रहा।



Source link