भिंड जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोई गांव मौजे में गुरुवार शाम खेत की मेढ़ को लेकर हुए विवाद के बाद 65 वर्षीय एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने हंगामा कर दिया और हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज होने तक शव का पोस्टमार्टम (PM) कराने से इनकार कर दिया है। फिलहाल पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, अटेर थाना क्षेत्र के रहावली निवासी 65 वर्षीय सोवरन बघेल (पुत्र बद्रीप्रसाद) का सोई गांव मौजे में खेत की मेढ़ को लेकर लालजीत बघेल के साथ पुराना विवाद चल रहा था। गुरुवार शाम को इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। बेटे का आरोप- लाठी-डंडों से की गई मारपीट मृतक के परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान सोवरन बघेल के साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की गई। मृतक के बेटे कमल सिंह बघेल का कहना है कि मारपीट के बाद उनके पिता घर पहुंचे, जहां वे दर्द से हाथ-पैर पटक रहे थे। इसके बाद जब उन्हें उपचार के लिए भिंड लाया जा रहा था, तभी रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों की मांग- पहले दर्ज हो हत्या का मामला घटना के बाद शुक्रवार सुबह बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया। लेकिन यहां परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया और हत्या का आरोप लगाते हुए पीएम की प्रक्रिया को रुकवा दिया। परिजनों की स्पष्ट मांग है कि पहले आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज की जाए, उसके बाद ही वे पोस्टमार्टम होने देंगे। पुलिस का तर्क- शरीर पर नहीं हैं स्पष्ट चोट के निशान दूसरी तरफ, इस पूरे मामले में सुरपुरा थाना पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर स्पष्ट चोट के निशान नजर नहीं आ रहे हैं, इसलिए सीधे हत्या का प्रकरण दर्ज नहीं किया जा सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यदि कोई अंदरूनी चोट या मौत का अन्य कारण सामने आता है, तो उसी आधार पर आगे की विवेचना की जाएगी और एफआईआर की कार्रवाई होगी।
Source link