दमोह के बड़े पुल पर शुक्रवार सुबह 6 बजे एक 18 चक्का ट्राला नाले में धंस गया। ट्राला पलटने से बाल-बाल बचा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ट्राले में लोहे के सरिया लदे हुए थे और इसके फंसने से मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। ट्राला चालक धर्मवीर सिंह ने बताया कि वह लुधियाना से छतरपुर लोहे के सरिया लेकर जा रहा था। घंटाघर के पास एक पुलिसकर्मी ने उसे बड़े पुल की ओर भेज दिया। यहां पहुंचने पर उसे आगे रास्ता नहीं दिखा। ट्राला मोड़ते समय उसका एक पहिया नाले में घुस गया और वाहन एक ओर झुक गया। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। लोहे के जाल में पहिया फंसा, ट्राला रुक गया गनीमत रही कि नाले में लोहे का जाल बिछा था, जिसमें पहिया फंस गया और ट्राला वहीं रुक गया। यदि ट्राला नीचे चला जाता, तो वह सामने बने कई मकानों में घुस सकता था, जिससे बड़ी जनहानि हो सकती थी। स्थानीय लोगों ने आवाज सुनकर घरों से बाहर निकलकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को मौके पर पहुंचे। उन्होंने महाकाली चौराहा से घंटाघर जाने वाले मार्ग को बंद करवा दिया। ट्राला निकालने तक मार्ग तीन-चार घंटे बंद रहेगा क्रेन संचालक को घटना की जानकारी दे दी गई है। क्रेन पहुंचने के बाद ट्राले को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान में करीब तीन से चार घंटे का समय लगने का अनुमान है, और तब तक शहर का यह प्रमुख मार्ग बंद रहेगा।
Source link