Last Updated:
रबाडा ने कहा, ‘ये अच्छा संकेत है. हमारी टीम में कई अनुभवी खिलाड़ी हैं और कई युवा भी हैं. अगर आप सभी के प्रदर्शन को देखें तो उससे आत्मविश्वास मिलता है और वही आत्मविश्वास मैच में भी दिखता है.
कैगिसो रबाडा ने बताया दक्षिण अफ्रीका की सफलता की कहानी
नई दिल्ली. टी-20 वर्ल्ड कप मे वैसे तो कई गेंदबाज रंग नहीं जमा पाए है उनमें से एक कैगिसो रबाडा भी हैं जो टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जैसा वो चाहते थे, लेकिन साउथ अफ्रीका की जीत का सिलसिला जारी है और इसी वजह से ये तेज गेंदबाज टीम के बड़े लक्ष्य पर ध्यान देने से खुश है. वेस्टइंडीज के खिलाफ नौ विकेट से जीत के बाद रबाडा ने साफ कहा कि टीम का प्रदर्शन सबसे जरूरी है, न कि किसी एक खिलाड़ी का. रबाडा ने अब तक टूर्नामेंट में सिर्फ चार विकेट लिए हैं.
रबाडा न्यूजीलैंड, यूएई और भारत के खिलाफ विकेट नहीं ले पाए थे. उन्होंने कहा कि जब तक टीम अच्छा खेल रही है, तब तक किसी के व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात नहीं करनी चाहिए. ये बातें बाद में भी की जा सकती हैं. रबाडा को फील्डर्स से भी पूरा साथ नहीं मिला है, उनकी गेंदबाजी पर अब तक चार कैच छूट चुके हैं. इस बारे में रबाडा ने कहा, ‘यही क्रिकेट है. कई बार चीजें आपके हिसाब से होती हैं और कई बार नहीं. अभी मेरे साथ ऐसा नहीं हो रहा, लेकिन सबसे जरूरी बात ये है कि हम जीत रहे हैं.
मैदान पर टीम शानदार है
टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार दूसरे सेमी के लिए क्वालिफाई करने वाली साउथ अफ्रीका की टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा तालमेल है और सभी ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है. अगर डेविड मिलर ने एक मैच जिताया तो कप्तान एडन मार्करम ने दूसरे मैच में कमाल किया. गेंदबाजों ने भी जरूरत पड़ने पर अच्छा प्रदर्शन किया है, चाहे वो मार्को यानसन हों या लुंगी एनगिडी. रबाडा ने कहा, ‘ये अच्छा संकेत है. हमारी टीम में कई अनुभवी खिलाड़ी हैं और कई युवा भी हैं. अगर आप सभी के प्रदर्शन को देखें तो उससे आत्मविश्वास मिलता है और वही आत्मविश्वास मैच में भी दिखता है.’ उन्होंने इस कामयाबी का श्रेय घरेलू टूर्नामेंट एसए20 को भी दिया, जिसमें वर्ल्ड कप से पहले कई खिलाड़ियों ने अपनी फॉर्म वापस पाई.
फास्ट बॉलर्स का फॉर्मूला
रबाडा ने कहा, ‘ये लगातार अच्छा खेलने और उम्मीद बनाए रखने से जुड़ा है कि चीजें हमारे पक्ष में होंगी.’ रबाडा ने अपने लंबे समय से नए गेंद के साथी लुंगी एनगिडी की भी तारीफ की, जिन्होंने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा, ‘मैं लुंगी के लिए बहुत खुश हूं. पिछले कुछ सालों में उनके प्रदर्शन पर सबकी नजर रही है. जब आप अच्छा खेलते हैं तो सब तारीफ करते हैं, लेकिन जब अच्छा नहीं होता तो सब सवाल उठाते हैं. वो मेरा बहुत अच्छा दोस्त है.’ उन्होंने कॉर्बिन बॉश के बारे में भी बात की और खिलाड़ियों की मेहनत और तैयारी को उनकी सफलता का कारण बताया.
रबाडा ने ये भी कहा कि साउथ अफ्रीका के गेंदबाजी आक्रमण में विविधता है, जो टीम की जीत में मदद कर रही है. रबाडा अफगानिस्तान के खिलाफ दो सुपर ओवर तक चले मैच में अपनी नोबॉल की गलती को अब भी याद करते हैं. उन्होंने कहा, ‘अच्छी बात ये है कि मैच रोमांचक हो गया, लेकिन अगर हम हार जाते तो मुझे बहुत बुरा लगता.