Last Updated:
Mitchell Santner Statement on New Zealand defeat vs england: 18वें और 19वें ओवर में रेहान अहमद और विल जैक्स की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी मैच का बड़ा टर्निंग पॉइंट बनी, जिससे इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैच में चार विकेट से शिकस्त दे दी. कीवी टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर ने मुकाबले के बाद अहमद और जैक्स की तारीफ करते हुए कहा कि इन दोनों ने अंत में अच्छी बल्लेबाजी करके मैच खत्म कर दिया. बता दें कि अगर न्यूजीलैंड की टीम इस मैच को जीत जाती तो उसका सेमीफाइनल का टिकट पक्का था.
इंग्लैंड से हार पर क्या बोले मिचेल सैंटनर.
कोलंबो. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड की टीम सुपर-8 में अजेय रहते हुए सेमीफाइनल मैच खेलने उतरेगी. शुक्रवार को खेले गए ग्रुप-2 के अपने आखिरी मुकाबले में उसने न्यूजीलैंड को चार विकेट से शिकस्त दी. न्यूजीलैंड का भी यह आखिरी सुपर-8 मैच था. इंग्लैंड से मिली हार से न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल की उम्मीदों को झटका लगा है. कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड के रन चेज के दौरान 17वें ओवर तक न्यूजीलैंड की जीत तय लग रही थी, लेकिन अगले दो ओवरों में रेहान अहमद और विल जैक्स ने तूफानी बैटिंग से कीवी टीम से मुकाबला छीन लिया. न्यूजीलैंड से मिले 160 रनों के लक्ष्य को इंग्लिश टीम ने 6 विकेट खोकर 19.3 ओवर में चेज कर लिया. हार से निराश न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि इंग्लैंड ने इस मुकाबले में शानदार खेल दिखाया और जीत का श्रेय उन्हें मिलना चाहिए. उन्होंने खासतौर से रेहान अहमद और विल जैक्स की बैटिंग की तारीफ की.
अहमद-जैक्स ने न्यूजीलैंड से छीनी जीत
न्यूजीलैंड की टीम एक समय पर मैच में काफी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी. हालांकि, पारी के 18वें ओवर में विल जैक्स और रेहान अहमद ने ग्लेन फिलिप्स की गेंदों पर 22 रन बनाते हुए बाजी को पूरी तरह से पलट दी. यह ओवर मुकाबला का बड़ा टर्निंग पॉइंट भी साबित हुआ. हार के बाद मिचेल सैंटनर ने कहा, ‘यह एक अच्छा और कड़ा मुकाबला था. हां, मुझे लगता है कि जिस तरह से इंग्लैंड ने रनों का पीछा किया और अंत में विल जैक्स और रेहान अहमद ने बल्लेबाजी की, वो शानदार था.’
इंग्लैंड से हार पर क्या बोले मिचेल सैंटनर.
इंग्लैंड ने एक समय पर अपने छह विकेट 117 रनों के स्कोर पर गंवा दिए थे और न्यूजीलैंड की टीम मैच में पूरी तरह से हावी नजर आ रही थी. हालांकि, विल जैक्स और रेहान अहमद ने महज 16 गेंदों में 44 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए मैच को पूरी तरह से पलट दिया. जैक्स ने 18 गेंदों में 32 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि रेहान ने 7 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाए.
जीत मिलती तो सेमीफाइनल में था न्यूजीलैंड
अगर न्यूजीलैंड इंग्लैंड को इस मुकाबले में हराने में सफल रहती, तो टीम को सीधा सेमीफाइनल का टिकट मिल जाता. कप्तान सैंटनर ने भी माना कि इस मैच को जीतने के बाद न्यूजीलैंड के लिए चीजें आसान हो जातीं. सैंटनर ने कहा कि इंग्लैंड ने जिस तरह का खेल दिखाया, उसके लिए उन्हें जीत का श्रेय मिलना चाहिए. अब न्यूजीलैंड को पाकिस्तान की हार की दुआ करनी होगी, तभी टीम टॉप-4 में पहुंचने में कामयाब रहेगी. या फिर पाकिस्तान श्रीलंका से जीत भी जाता है लेकिन उसका रनरेट न्यूजीलैंड से कम रहे तो इस स्थिति में कीवी टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी.
सैंटनर ने कहा कि अंतिम ओवरों में टीम के बल्लेबाज रन बटोरने में नाकाम रहे, जिसके खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा. न्यूजीलैंड के कप्तान ने माना कि 170 से 175 रनों का लक्ष्य अच्छा हो सकता था. उन्होंने रेहान अहमद की शानदार बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की. सैंटनर ने कहा कि रेहान स्पिन के अच्छे बल्लेबाज हैं और इसी कारण उन्हें इस विकेट पर ज्यादा परेशानी नहीं हुई.
159 रन ही बना पाया था न्यूजीलैंड
इससे पहले न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 159 रन लगाए. टीम की तरफ से ग्लेन फिलिप्स ने सर्वाधिक 39 रन बनाए, जबकि टिम सीफर्ट ने 35 रनों का योगदान दिया. गेंदबाजी में इंग्लैंड की तरफ से आदिल रशीद और विल जैक्स ने दो-दो विकेट अपने नाम किए.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें