सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में एक 40 वर्षीय कबाड़ बीनने वाले व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश साकेत (पिता मथुरा प्रसाद) के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से रामपुर बघेलान के बठिया क्षेत्र में रहकर कबाड़ इकट्ठा करने का काम करता था। परिजनों के अनुसार, राजेश शुक्रवार शाम करीब 7 बजे अपने काम से लौटा था। घर लौटने के कुछ ही देर बाद गांव का एक युवक देवेंद्र पटेल उसे अपने साथ यह कहकर ले गया कि वह थोड़ी देर में वापस छोड़ देगा। देर रात तक राजेश घर नहीं लौटा, जिससे उसकी पत्नी चिंतित हो गईं। परिजन उसकी तलाश करते रहे। शनिवार दोपहर गांव के एक युवक ने सूचना दी कि राजेश पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर अचेत अवस्था में पड़ा है। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल सतना ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पत्नी लीला साकेत ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके पति की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि राजेश के पास फेरी से कमाए हुए पैसे थे, जिन्हें साथ ले जाने वाला युवक लेकर फरार हो गया है। लीला साकेत ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link