कोलकाता. भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 का अपना आखिरी सुपर-8 मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार (1 मार्च) को खेलना है. मैच कोलकाता के ईडन गार्डेन में शाम 7 बजे से खेला जाना है. मैच से एक दिन पहले शनिवार को टीम इंडिया के हेड गौतम गंभीर कालीघाट मंदिर पहुंचे. गौतम गंभीर कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचे थे. उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम की बड़ी जीत का आशीर्वाद मांगा. सुपर-8 राउंड में साउथ अफ्रीका से हार के बाद भारत ने जिम्बाब्वे पर बड़ी जीत दर्ज करते हुए अपने सेमीफाइनल की उम्मीदों को कायम रखा.
वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला मुकाबला भारतीय टीम के लिए क्वार्टर फाइनल की तरह है. भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए किसी भी कीमत पर वेस्टइंडीज को हराना होगा. वेस्टइंडीज के लिए भी यही स्थिति है. अगर वेस्टइंडीज भारतीय टीम को हराने में कामयाब रहती है, तो सेमीफाइनल में जगह बना सकती है. भारतीय टीम रविवार को कोलकाता में होने वाले मैच में वेस्टइंडीज को हल्के में बिल्कुल नहीं लेगी. वेस्टइंडीज ने विश्व कप में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है. टीम ग्रुप स्टेज में बिना कोई मैच गंवाए अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंची है. सुपर-8 में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे पर बड़ी जीत दर्ज की, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा.
गौतम गंभीर ने कालीघाट मंदिर में किए दर्शन.
भारत का विश्व कप में सफर भी वेस्टइंडीज की तरह ही रहा है. टीम इंडिया भी सुपर-8 में एकमात्र मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ हारी है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ वेस्टइंडीज और भारत की हार ने दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल का रास्ता बचाए रखा है. रविवार को जो भी टीम जीतेगी, सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. वेस्टइंडीज टीम पर नजर डालें तो उसकी बल्लेबाजी बेहद मजबूत है, लेकिन गेंदबाजी कमजोर है. भारतीय टीम विपक्षी टीम की इसी कमजोरी का फायदा उठाकर सेमीफाइनल में जगह बनाने उतरेगी. भारतीय टीम के पास इस मैच में वेस्टइंडीज से 2016 टी20 विश्व कप का बदला लेने का भी अवसर है, जब वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल में भारत को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था.
दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह.
वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान), जॉनसन चार्ल्स, शिमरोन हेटमायर, ब्रैंडन किंग, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोस्टन चेस, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्डे, अकील हुसैन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती और जेडन सील्स.