खराब सड़क पर वसूली क्यों?MLA ने सरकार से मांगा जवाब: अटेर विधायक हेमंत कटारे बोले- यह राजनीति नहीं, लोगों की जान का सवाल है – Bhind News

खराब सड़क पर वसूली क्यों?MLA ने सरकार से मांगा जवाब:  अटेर विधायक हेमंत कटारे बोले- यह राजनीति नहीं, लोगों की जान का सवाल है – Bhind News




ग्वालियर–भिंड–इटावा नेशनल हाईवे-719 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और खराब हालत को लेकर विधानसभा में गंभीर मुद्दा उठाया गया। अटेर से विधायक हेमंत सत्यदेव कटारे ने कहा कि जब सड़क “मौत का हाईवे” बन चुकी है, तब तक टोल वसूली जारी रखना जनभावनाओं के खिलाफ है। विधायक कटारे ने सदन में कहा कि NH-719 क्षेत्र में आए दिन हादसे हो रहे हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे हालात में जब तक सड़क का चौड़ीकरण और जरूरी सुधार कार्य शुरू नहीं हो जाते, तब तक मालनपुर टोल प्लाजा पर टोल वसूली तत्काल प्रभाव से रोकी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि टोल की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद कोविड का हवाला देकर इसकी अवधि बढ़ा दी गई, जबकि आम जनता को कोई राहत नहीं मिली। इसके साथ ही 15 से 20 किलोमीटर की परिधि में भी टोल वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं, जो नियमों के विरुद्ध है। कटारे ने हाईवे को सिक्स लेन में अपग्रेड करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि इसमें समय लगे, तो कम से कम तुरंत सड़क का चौड़ीकरण और मरम्मत कार्य शुरू किया जाए। इसके अलावा चंबल नदी पर बने पुल की जर्जर हालत का भी मुद्दा उठाया। यह पुल मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जिसकी मरम्मत प्राथमिकता से होनी चाहिए। विधायक ने कहा- सड़क हादसों में मरने वाले किसी दल के नहीं होते। यह इंसानी जान का सवाल है। सदन को सर्वसम्मति से केंद्र सरकार से मांग करनी चाहिए कि पहले सड़क सुधारी जाए और तब तक टोल वसूली रोकी जाए।



Source link