गर्मी में बढ़ेगा गाय-भैंस का दूध, चूना पानी पिलाएं, घास खिलाएं, दुहने के पहले करें ये काम

गर्मी में बढ़ेगा गाय-भैंस का दूध, चूना पानी पिलाएं, घास खिलाएं, दुहने के पहले करें ये काम


Last Updated:

Summer Cow Buffalo Milk Tips: गर्मी का मौसम शुरू हो गया है और ऐसे में दुधारू पशुओं का दूध भी कम होने लगता है. हालांकि, गर्मी के मौसम में भी दुधारू पशुओं का दूध बढ़ाया जा सकता है. पशुओं में दूध बढ़ाने के लिए गर्मी में कौन से उपाय कैसे करने हैं, जानें पशु चिकित्सक…

Animal Husbandry. गर्मी की शुरुआत हो गई है. इस मौसम में दुधारू पशुओं का दूध कम हो जाता है. लेकिन, अगर आप पशुओं का दूध बढाना चाहते हैं तो एक्सपर्ट की इन टिप्स को अपनाकर दूध बढ़ा सकते हैं. गाय-भैंस का दूध बढ़ाने के लिए आपको मार्केट में पैसे खर्च करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी. मध्य प्रदेश में छतरपुर के पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी डॉ. मातादीन पटेल ने लोकल 18 को बताया कि कोई भी दुधारू पशु हो, वह बरसात और ठंड की अपेक्षा गर्मी में दूध कम देने लगता है.

क्योंकि, उनके शरीर में गर्मी रहेगी तो वे आराम का एहसास नहीं करेंगे. भले ही आप 4 बार भोजन खिलाएं, लेकिन अगर उसे गर्मी का एहसास हो रहा है तो दूध कम ही देगा. इसलिए, सबसे पहले हमें गर्मियों में अपने दुधारू पशुओं को नहलाते रहना चाहिए. साथ ही अगर आप शाम को दूध निकाल रहे हैं तो एक बार अपने पशु को नहला दें. इसके बाद ही दूध निकालें. वहीं, सुबह आपको 6 बजे के पहले तक दूध निकाल लेना है. इसके बाद पशु गर्मी का एहसास करने लगते हैं.

ये तरीका भी अपनाएं
डॉ. मातादीन बताते हैं कि पशुओं का दूध बढ़ाने के लिए आप मिनरल मिक्सचर भी खिला सकते हैं. ये आपको बाजार में आसानी से मिल जाता है. इससे पशुओं में प्रजनन शक्ति बढ़ती है. इसके अलावा आप इसे घर पर भी बना सकते हैं. आप पशु को थोड़ा नमक और हरा चारा जैसे बरसीम खिला सकते हैं. इससे आपके पशु का दूध बढ़ेगा.

घर पर ही तैयार करें कैल्शियम
पशुओं में दूध बढ़ाने के लिए कैल्शियम की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, इसलिए चूने का पानी हर दिन पिला सकते हैं. चूने का पानी आप घर पर ही बना सकते हैं. सबसे पहले 250 ग्राम चूना (लाइम) लाना है, उसमें पानी भर देना है. रातभर चूने को फूलने दीजिए. अगले दिन सुबह आधा या 1 गिलास चूना पानी अपने दुधारू पशु को पिला देना है. ऐसा आपको हर दिन करना है. जब चूना पानी खत्म हो जाए तो फिर उसमें पानी डाल दें रातभर में चूना नीचे बैठ जाएगा. फिर अगली सुबह पशु को चूना पानी पिला दीजिए.

कैल्शियम से बढ़ेगा दूध 
चूना पानी पिलाने से पशु को कैल्शियम मिलेगा, जिससे दूध बढ़ेगा. साथ ही प्रजनन शक्ति बढ़ेगी और कैल्शियम की पूर्ति भी होगी. पशु को कैल्शियम की कमी से जो भी रोग होते हैं वह नहीं होंगे. डॉ. मातादीन बताते हैं कि कैल्शियम के साथ ही आपको 12 महीने अपने पशु को मौसमी घास जैसे नेपियर, बरसीम, ज्वार खिलाते रहना हैं. इससे पशुओं का शरीर बनता है और ताकत आती है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link