पोस्टमार्टम में देरी पर जिला अस्पताल में हंगामा: डॉक्टर पर अभद्रता का आरोप, विधायक और सीएमएचओ की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला – Bhind News

पोस्टमार्टम में देरी पर जिला अस्पताल में हंगामा:  डॉक्टर पर अभद्रता का आरोप, विधायक और सीएमएचओ की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला – Bhind News




भिंड जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में शनिवार उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब सड़क हादसे में मृत युवक के पोस्टमार्टम में देरी होने पर परिजनों ने विरोध जताया। आरोप है कि इस दौरान ड्यूटी डॉक्टर ने एक परिजन के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे मामला तूल पकड़ गया। सूचना मिलते ही विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीएस यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई। जानकारी के अनुसार प्रतापपुरा गांव निवासी कल्लू पुत्र सतनारायण शर्मा (37) की शुक्रवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बताया गया है कि वह घर के बाहर टहल रहे थे, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। शनिवार को परिजन पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन दोपहर तक प्रक्रिया शुरू नहीं होने पर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई। करीब एक बजे के बाद डॉक्टर के पहुंचने पर परिजनों ने देरी को लेकर नाराजगी जताई। इसी दौरान कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने एक व्यक्ति का कॉलर पकड़ते हुए अभद्रता की, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया। मामले की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने परिजनों से चर्चा की। वहीं सीएमएचओ डॉ. जीएस यादव को भी बुलाया गया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से खेद व्यक्त किए जाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। अधिकारियों की सूझबूझ और समझाइश से मामला शांत हो सका।



Source link