हरदा में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर से बचाव करना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एच.पी. सिंह ने बताया कि अभियान के पहले दिन जिला चिकित्सालय के डीईआईसी में 21 बालिकाओं को टीका लगाया गया। राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान से वर्चुअल माध्यम से किया। अजमेर में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के काटजू अस्पताल से इस अभियान की शुरुआत की। जिला टीकाकरण अधिकारी (डीआईओ) डॉ.जीएस. कुशवाहा ने जानकारी दी कि जिले की 14 वर्ष आयु वर्ग की सभी बालिकाओं को यह वैक्सीन लगाई जाएगी। पहले चरण में जिले को एचपीवी वैक्सीन की 4232 खुराकें मिली हैं। जिले की कुल आबादी के एक प्रतिशत के आधार पर लगभग सात हजार बालिकाओं को यह टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण सत्रों के दौरान बालिकाओं का पंजीयन किया गया, उन्हें परामर्श दिया गया और फिर टीका लगाया गया।इस अवसर पर डॉ.विजेंद्र धनवारे, डीपीएम दिनेश चौहान,एपीएम एम.एम.मालवीय, वीसीसीएम उत्तम गोस्वामी,डीईआईएम आशीष साकल्ले, मीना पंदराम, मीरा महोबिया,नीरज मालवीय, जितेंद्र सूर्यवंशी,नगरीय क्षेत्र की एएनएम और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से, जिसे सर्विक्स कहते हैं, का कैंसर है। लगभग 99.7 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) के उच्च जोखिम वाले प्रकारों से जननांगों में लगातार संक्रमण के कारण होते हैं। एचपीवी प्रजनन मार्ग का सबसे आम वायरल संक्रमण है। हालांकि अधिकांश एचपीवी संक्रमणों में कोई लक्षण नहीं दिखते और वे अपने आप ठीक हो जाते हैं, लेकिन एचपीवी का लगातार संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है। सीएमएचओ डॉ. सिंह ने बताया कि हरदा जिले में जिला चिकित्सालय हरदा के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिमरनी, हंडिया, खिरकिया और सिराली में भी एचपीवी टीकाकरण शुरू हो गया है। वैक्सीनेशन के लिए यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण कर अपॉइंटमेंट बुक किया जा सकता है, या सत्र स्थल पर आईडी के माध्यम से सीधा पंजीकरण भी संभव है। टीकाकरण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता या अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा सकता है।
Source link