250 करोड़ भूमि घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: धार पुलिस ने इंदौर से पकड़ा, साढ़े तीन साल से था फरार – Dhar News

250 करोड़ भूमि घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार:  धार पुलिस ने इंदौर से पकड़ा, साढ़े तीन साल से था फरार – Dhar News




धार में 250 करोड़ रुपये के कथित भूमि घोटाले के मुख्य आरोपी सुधीर जैन (47) को पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले साढ़े तीन साल से फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। साइबर क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि सुधीर जैन इंदौर की तुलसी नगर कॉलोनी में एक मकान में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और तुरंत धार ले आई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। फिलहाल उसे पुलिस हिरासत में रखा गया है। शनिवार को उसे अदालत में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा, ताकि जमीन से जुड़े दस्तावेजों, पैसों के लेन-देन और अन्य लोगों की भूमिका के बारे में पूछताछ की जा सके। 11 लाख रुपए में बेची थी भूमि पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आदर्श सड़क स्थित किले के पास बनी मिशन अस्पताल की शासकीय जमीन को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 11 लाख रुपये में बेच दिया था। यह जमीन वर्ष 1928 से शासकीय घोषित है। इस मामले में थाना नौगांव में वर्ष 2022 में केस दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि सर्वे नंबर 770 की करीब 0.493 हेक्टेयर जमीन के लिए नकली दस्तावेज तैयार किए गए। इसके जरिए अवैध नामांतरण, लीज और रजिस्ट्री कर जमीन को निजी व्यक्ति के नाम करने की साजिश रची गई थी। तीन साल से था फरार पुलिस के मुताबिक, फरारी के दौरान आरोपी गुजरात और बेंगलुरु में अलग-अलग जगहों पर छिपा रहा। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर साइबर क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई की है। अब पुलिस आरोपी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।



Source link