क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार को देवास-इंदौर बायपास रोड डागरिया फॉर्म हाउस के पास निपानिया से एक महिला को 8 किलो 313 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। महिला पहले भी 6 किलो गांजे के मामले में गिरफ्तार हो चुकी थी। वर्तमान में वह कोर्ट से जमानत पर थी। महिला के पास से 8 किलो 313 ग्राम गांजा, 1 आईफोन, 1 टू व्हीलर सहित कुल 3 लाख 50 हजार का सामान जब्त किया गया है। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि इंदौर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने और उनकी गतिविधियों में संलिप्त बदमाशों के खिलाफ लगातार टीम कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में चेकिंग और सर्चिंग की जा रही थी। टीम को देवास-इंदौर बायपास रोड डागरिया फॉर्म हाउस के पास निपानिया जाने वाली कच्ची रोड़ के पास एक्टिवा पर एक महिला आती दिखी। महिला ने एक्टिवा के आगे पैर दान वाली जगह पर एक बोरी रखी हुई थी, जो कि संदिग्ध लगी, महिला टीम को देख घबराने लगी। महिला की गतिविधि संदिग्ध लगने पर उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपने नाम सोनाली सिंह निवासी मांगलिया होना बताया। विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से 8 किलो 313 ग्राम गांजा मौके से बरामद किया गया। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2 लाख रुपए है। महिला से पूछताछ कर ओर भी जानकारी निकाली जा रही है।
Source link