रीवा शहर के कैलाशपुरी इलाके में भाजपा नेता के घर आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान हिंदू देवी-देवताओं पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। रविवार रात आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला प्रवचनकर्ता थाने पहुंचकर अपनी गलती स्वीकार कर ली। बता दें कि बैकुंठपुर निवासी भाजपा नेता सीताराम साकेत के घर गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में लाउडस्पीकर के माध्यम से भगवान शिव, मां काली, भगवान कृष्ण समेत अन्य देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। फरियादी ने शिकायत में आरोप लगाया कि भगवान शिव को पत्थर बताकर घर से फेंकने जैसी बात कही गई, मां काली पर अभद्र टिप्पणी की गई और अन्य देवी-देवताओं के संबंध में भी अनुचित शब्दों का प्रयोग किया गया। तनाव की स्थिति बन गई थी
घटना के बाद मोहल्ले में तनाव की स्थिति बन गई थी और कुछ देर के लिए दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर संबंधित थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई जा चुकी है। ताजा घटनाक्रम में प्रवचनकर्ता खुद थाने पहुंचा और अपनी गलती स्वीकार की। उसने पुलिस को बताया कि वह बौद्ध प्रवचन करता है और उससे गलती हो गई है। उसने यह भी कहा कि वह अकेले प्रवचन नहीं कर रहा था, बल्कि बड़ी संख्या में अन्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद थे और उनके द्वारा भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। उसने भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन देते हुए एक और अवसर देने की मांग की। पुलिस ने शांति की अपील की
इस पर थाना प्रभारी (टीआई) ने कड़ी समझाइश दी। टीआई ने स्पष्ट कहा कि महात्मा बुद्ध ने कहीं भी यह शिक्षा नहीं दी है कि किसी दूसरे धर्म या देवी-देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की जाए। अपने धर्म का प्रचार-प्रसार करना अच्छी बात है, लेकिन किसी अन्य धर्म को अपमानित करने का अधिकार किसी को नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच जारी रखते हुए शांति बनाए रखने की अपील की है।
Source link