Last Updated:
Rovman Powell create History: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में वेस्टइंडीज के रोवमैन पॉवेल ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. पॉवेल टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने निकोलस पूरन को पीछे छोड़ा है.
रॉवमैन पॉवेल ने बनाया वेस्टइंडीज के लिए रिकॉर्ड
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज के रोवमैन पॉवेल ने इतिहास रच दिया. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पॉवेल ने भारत के खिलाफ करो या मरो के मैच में 19 गेंद में 34 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 2 छक्के और 3 चौके भी लगाए. इसके साथ ही पॉवेल ने टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. रोवमैन पॉवेल टी20 इंटरनेशनल में 150 छक्के लगाने वाले पहले वेस्टइंडियन बल्लेबाज बन गए.
पॉवेल ने निकोलस पूरन के 149 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा है. पूरन ने पिछले साल रिटायरमेंट का ऐलान किया था. उन्होंने ये रिकॉर्ड 97 पारियों में बनाया था, जबकि पॉवेल ने इसे छह पारियां ज्यादा खेलकर तोड़ा. पॉवेल कुल मिलाकर 150 छक्के लगाने वाले सातवें बल्लेबाज हैं. इस लिस्ट में रोहित शर्मा (205 छक्के) सबसे ऊपर हैं, उनके बाद यूएई के मुहम्मद वसीम (193) और सूर्यकुमार यादव (177) टॉप तीन में हैं.
अपने रिकॉर्ड पर क्या बोले रोवमैन पॉवेल
वेस्टइंडीज की पारी खत्म होने के बाद पॉवेल ने मिड-इनिंग ब्रेक में कहा, “ये अच्छा रिकॉर्ड है. ये दिखाता है कि मैंने वेस्टइंडीज के लिए पिछले कुछ सालों में कितनी मेहनत और लगन दिखाई है.” पॉवेल की नाबाद पारी से वेस्टइंडीज ने ईडन गार्डन्स में 195/4 का स्कोर बनाया. ओपनर शाई होप और रोस्टन चेज ने धीमी शुरुआत दी थी. शिमरोन हेटमायर ने 12 गेंदों में 27 रन बनाकर रफ्तार पकड़ी.
उनकी विकेट गिरने से वेस्टइंडीज का बड़ा स्कोर बनाना मुश्किल हो सकता था, लेकिन पॉवेल और जेसन होल्डर (22 गेंदों में 37 रन) ने अच्छी फिनिश दी. पॉवेल ने कहा, “भारत के खिलाफ बड़ा मैच था और मुझे लगता है ये अच्छा स्कोर है. हम 10-15 रन और चाहते थे. बस स्पिनर्स को निकालना था. मैदान छोटा है तो मुझे पता था कि अगर पेसर्स पर बल्ला लग गया तो गेंद बाहर जा सकती है.”
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें