इजराइल-ईरान तनाव से उड़ानें रद्द, दुबई-शारजाह में MP के 100 से ज्यादा यात्री फंसे

इजराइल-ईरान तनाव से उड़ानें रद्द, दुबई-शारजाह में MP के 100 से ज्यादा यात्री फंसे


Last Updated:

इजराइल-ईरान तनाव के बीच दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर मध्य प्रदेश के 100 से अधिक यात्री फंसे हुए हैं. एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-256 रद्द होने से महिलाएं और बच्चे घंटों से इंतजार कर रहे हैं. एयरस्पेस बंद होने के कारण उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं. पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप कर यात्रियों की शीघ्र स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है.

Zoom

एमपी के सौ से अधिक नागरिक दुबई में फंस गए हैं.

भोपाल. इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब मध्य प्रदेश के यात्रियों पर भी साफ दिखाई देने लगा है. दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर राज्य के 100 से अधिक नागरिक फंसे हुए हैं. एयरस्पेस बंद होने और उड़ानें निरस्त होने के कारण कई परिवार घंटों से एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे हैं. फंसे लोगों में महिलाएं, बच्चे, कारोबारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल बताए जा रहे हैं. शारजाह से इंदौर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-256 के अचानक रद्द होने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई. यात्रियों को अंतिम समय पर कैंसिलेशन की सूचना मिली. कई लोग कनेक्टिंग फ्लाइट्स के जरिए दुबई पहुंचे थे. उड़ान रद्द होने से उनकी यात्रा योजनाएं पूरी तरह प्रभावित हो गईं और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के लिए अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है.

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच कई देशों ने एहतियातन अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है. इसी के चलते शारजाह से इंदौर आने वाली नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ान को रद्द करना पड़ा. यह उड़ान देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से संचालित होने वाली एकमात्र अंतरराष्ट्रीय सेवा है. निर्धारित समय के अनुसार फ्लाइट को यूएई समयानुसार दोपहर 12:20 बजे शारजाह से रवाना होना था. वापसी में इसे शाम तक इंदौर पहुंचना था. लेकिन एयरस्पेस प्रतिबंध के कारण इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया.

घरेलू उड़ानों पर भी असर
अंतरराष्ट्रीय उड़ान रद्द होने का असर घरेलू सेवाओं पर भी पड़ा. शारजाह से लौटने के बाद यही विमान इंदौर से दिल्ली के लिए उड़ान भरता है. अंतरराष्ट्रीय सेवा निरस्त होने से दिल्ली जाने वाली घरेलू फ्लाइट भी रद्द करनी पड़ी. इससे देश के भीतर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, एयरस्पेस दोबारा खुलने के बाद ही संचालन सामान्य हो सकेगा. फिलहाल यात्रियों को रिफंड या री-शेड्यूलिंग के लिए एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है.

जीतू पटवारी की अपील
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है. उन्होंने लिखा कि दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर मध्य प्रदेश के 100 से अधिक नागरिक फंसे हुए हैं. इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. पटवारी ने आग्रह किया कि केंद्र सरकार तत्काल कदम उठाकर सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करे और उनकी शीघ्र स्वदेश वापसी की व्यवस्था कराए. उनका कहना है कि फ्लाइट निरस्त होने के बाद यात्रियों की चिंता और बढ़ गई है.

बढ़ती चिंता और इंतजार
एयरपोर्ट पर फंसे कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें अचानक कैंसिलेशन की जानकारी मिली. कुछ लोग होटल में रुकने को मजबूर हैं, जबकि कई परिवार एयरपोर्ट पर ही इंतजार कर रहे हैं. स्थिति स्पष्ट न होने से असमंजस बना हुआ है. विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय तनाव का सीधा असर नागरिक उड्डयन सेवाओं पर पड़ता है. जब तक क्षेत्र में हालात सामान्य नहीं होते, तब तक उड़ानों की बहाली पर अनिश्चितता बनी रह सकती है.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें



Source link