उज्जैन. होली का त्योहार खुशियों और रंगों से जुड़ा होता है, लेकिन इसकी शुरुआत होलिका दहन से होती है. होलिका दहन को बुराई और नकारात्मकता के अंत का प्रतीक माना जाता है. इस साल 03 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा. मान्यता है कि इस दिन किए गए कुछ आसान उपाय जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाते हैं. ज्योतिष के अनुसार, होलिका दहन की राख यानी भस्म का सही तरीके से उपयोग करने से कुंडली के दोष कम होते हैं और घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है. अगर आप लंबे समय से बीमारी, तनाव या परेशानियों से जूझ रहे हैं, तो ये सरल उपाय आपके लिए लाभकारी साबित हो सकते हैं.
जरूर करे यह उपाय
राहु-केतु – यदि कुंडली में राहु-केतु के अशुभ प्रभाव से बार-बार रुकावटें आ रही हों, तो होलिका दहन की भस्म को साफ जल में मिलाकर श्रद्धा के साथ शिवलिंग पर अर्पित करें। मान्यता है कि यह सरल उपाय नकारात्मक प्रभाव को शांत करता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाता है. इससे धन संबंधी परेशानियाँ कम होती हैं, मानसिक तनाव घटता है और कार्यों में सफलता के योग बनते हैं.
वास्तु दोष – अगर आपके घर में वास्तु दोष के कारण तनाव और नकारात्मक माहौल बना रहता है, तो होलिका दहन के बाद बची हुई राख का यह आसान उपाय अपनाएं. थोड़ी-सी राख लेकर घर के चारों कोनों में हल्का-हल्का छिड़क दें. मान्यता है कि इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और घर में सकारात्मकता का संचार होता है. इस उपाय से वातावरण शांत रहता है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है.
पारिवारिक कलह – अगर घर में अक्सर झगड़े होते हैं और रिश्तों में दूरी बढ़ रही है, तो होलिका दहन की राख को चुपचाप घर के चारों कोनों में छिड़क दें. यह उपाय करते समय किसी को देखना नहीं चाहिए. मान्यता है कि इससे नकारात्मकता दूर होती है और परिवार में शांति व प्रेम बना रहता है.
स्वास्थ – यदि किसी व्यक्ति को बार-बार नजर लगने की परेशानी होती है या नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव महसूस होता है, तो होलिका दहन के समय एक पान के पत्ते में दो लौंग और एक बताशा रखकर अग्नि को अर्पित करें. इसके बाद बची हुई राख को किसी ताबीज में भरकर गले में धारण करें. मान्यता है कि इससे बुरे सपनों से मुक्ति मिलती है, मानसिक तनाव कम होता है और स्वास्थ्य में सुधार आता है.
आर्थिक स्थिति – यदि आपके जीवन में बार-बार परेशानियां आ रही हैं, तो होलिका दहन की राख का यह सरल उपाय अपनाएं। स्नान के पानी में थोड़ी-सी राख मिलाकर नहाने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है. मान्यता है कि यह उपाय मानसिक शांति देता है, आर्थिक स्थिति को मजबूत करता है और शारीरिक समस्याओं से राहत दिलाने में सहायक होता है. नियमित रूप से श्रद्धा के साथ किया गया यह उपाय जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है.
गंभीर रोग – यदि घर में कोई सदस्य लंबे समय से बीमारी से परेशान है, तो होलिका दहन की राख को घर के किसी स्वच्छ और पवित्र स्थान पर रखें. मान्यता है कि इससे राहु-केतु का अशुभ प्रभाव कम होता है और घर का वातावरण नकारात्मक ऊर्जा से मुक्त होकर सकारात्मक बनता है.