सिवनी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में दलसागर तालाब के पास 1 मार्च की शाम लगभग 4 बजे एक सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घायल बाइक चालक गजेन्द्र कुंजाम (42 वर्ष) सिवनी से ज्यारत नाका की ओर जा रहे थे। दलसागर तालाब के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और गजेन्द्र कुंजाम को गंभीर चोटें आईं। बिना रुके भागा आरोपी ड्राइवर स्थानीय लोगों की मदद से घायल गजेन्द्र कुंजाम को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर मारने वाला वाहन बिना रुके मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फरार वाहन चालक का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां दिन-रात वाहनों और लोगों की आवाजाही काफी रहती है। गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर अधिक भीड़ या अन्य वाहन मौजूद नहीं थे, अन्यथा यह एक बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। नियमों के पालन करें चालक कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक चालक के घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति से वाहन न चलाएं और सावधानी बरतें।
Source link