सरदारपुर तहसील के दो प्रमुख मार्ग, जो सीधे झाबुआ जिले को जोड़ते हैं, जल्द ही टू-लेन सड़कों में बदले जाएंगे। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 309 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लंबे समय से संकरी और खराब सड़कों की समस्या झेल रहे लोगों को इससे राहत मिलेगी और आवागमन पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा। पहला मार्ग राजगढ़ से पारा होते हुए राणापुर और आगे पिटोल तक जाएगा। करीब 75 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 225 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अभी यह सड़क काफी संकरी है और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। टू-लेन बनने के बाद झाबुआ और पिटोल की ओर जाने वाले लोगों को लंबा वैकल्पिक रास्ता नहीं लेना पड़ेगा। वे सीधे राजगढ़ से पारा–राणापुर होते हुए पिटोल और गुजरात सीमा तक आसानी से पहुंच सकेंगे। दत्तीगांव फाटा से रायपुरिया तक भी मिलेगा लाभ दूसरा मार्ग इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर स्थित दत्तीगांव फाटे से रायपुरिया तक बनेगा। यह मार्ग लगभग 28 किलोमीटर लंबा है और इसे 84 करोड़ रुपये की लागत से टू-लेन में बदला जाएगा। इस सड़क पर भी यातायात का दबाव ज्यादा रहता है, जिससे आए दिन जाम और हादसों की स्थिति बनती है। सड़क चौड़ी होने से यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। बजट सत्र में मिली स्वीकृति लोक निर्माण विभाग के एसडीओ एल.एन. राठौड़ ने बताया कि राजगढ़ से पारा-राणापुर मार्ग और दत्तीगांव फाटे से उमरकोट बोलासा, रायपुरिया तक के मार्ग को बजट सत्र में मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि अभी ये दोनों सड़कें सिंगल पट्टी की हैं, लेकिन जल्द ही इन्हें टू-लेन में बदला जाएगा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को सुरक्षित व बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
Source link