Last Updated:
हीली के विध्वंसक 158 और बेथ मूनी के क्लासी 106 रनों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 409 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर भारतीय खेमे में खलबली मचा दी . यह क्रिकेट नहीं, बल्कि नीले रंग की जर्सी पर पीले तूफान का कहर था.
होबार्ट के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने भारत के खिलाफ बनाए 409 रन
नई दिल्ली. होबार्ट के मैदान पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों पर हल्लाबोल करते हुए 409 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया जिसमें सबसे अहम किरदार निभाने वाली थी एलिसा हीली. अपने अंतिम मैच में हीली का बल्ला चला तो एक बार फिर रिकॉर्ड्स की किताबें खुद-ब-खुद लिखी जाने लगती हैं. होबार्ट में जो हुआ, वह सिर्फ एक पारी नहीं, बल्कि भारतीय गेंदबाजों के मनोबल पर एक गहरा प्रहार था.
ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने भारत के खिलाफ रनों का ऐसा पहाड़ खड़ा कर दिया, जिसकी कल्पना शायद ही किसी ने की थी. हीली के विध्वंसक 158 और बेथ मूनी के क्लासी 106 रनों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 409 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर भारतीय खेमे में खलबली मचा दी . यह क्रिकेट नहीं, बल्कि नीले रंग की जर्सी पर पीले तूफान का कहर था.
हीली का ‘विराट’ अवतार: 158 रनों की आतिशी पारी
टॉस जीतककर पहले गेंदबाजी करने का फैसला उस समय उल्टा नजर आने लगा जब मैच की शुरुआत से ही एलिसा हीली ने अपने इरादे साफ कर दिए .उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए. भारतीय तेज गेंदबाजों से लेकर स्पिनर्स तक, कोई भी हीली के बल्ले की आग से बच नहीं पाया. हीली ने मात्र 98 गेंदों में 158 रन बनाए उनकी 158 रनों की पारी में गगनचुंबी 2 छक्के और 27 कड़क चौके शामिल थे. हीली ने अपनी अंतिम पारी में शतक लगाकर उसको यादगार बना दिया.
बेथ मूनी का साथ: शांत रहकर किया शिकार
जहाँ एक तरफ हीली आक्रामक रुख अपनाए हुए थीं, वहीं दूसरी तरफ बेथ मूनी ने दीवार बनकर भारतीय गेंदबाजों को थकाया. नंबर 4 पर खेलते हुए मूनी की 84 गेंदों पर 106 रनों की बेहद सधी हुई और तकनीकी रूप से मजबूत पारी खेली. हीली और मूनी के बीच हुई 92 गेंदों पर 142 रनों की साझेदारी ने भारत को मैच से पूरी तरह बाहर धकेल दिया. मूनी ने गैप्स का बखूबी इस्तेमाल किया और स्ट्राइक रोटेट कर हीली को ज्यादा से ज्यादा मौका दिया, जिससे स्कोरबोर्ड की गति बुलेट ट्रेन की तरह बढ़ती रही. नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आई जॉर्जिया ने भी 62 रनों की पारी खेली
भारतीय गेंदबाजों की बेबसी
भारतीय गेंदबाजी आक्रमण, जो अक्सर अपनी धार के लिए जाना जाता है, आज पूरी तरह असहाय नजर आया. रेणुका सिंह से लेकर दीप्ति शर्मा तक, कोई भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहा। फील्डिंग में भी कुछ चूकें हुईं, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा. 409 रनों का स्कोर यह बताने के लिए काफी है कि भारतीय रणनीतियां आज मैदान पर पूरी तरह फेल साबित हुई. श्रीचरनी ने 10 ओवर में सबसे ज्यादा 106 रन दिए वहीं दीप्ति शर्मा ने 90 रन लुटाए