Last Updated:
Sikandar Raza Record: जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऐतिहासिक ऑलराउंड प्रदर्शन कर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में रजा ने मात्र 43 गेंदों पर 73 रनों की आतिशबाजी की और फिर गेंदबाजी में 29 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए. इस प्रदर्शन के साथ ही वे ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉटसन के बाद दुनिया के दूसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने एक ही टी20 वर्ल्ड कप मैच में अर्धशतक और 3 विकेट लेने का कारनामा किया है.
सिकंदर रजा ने शेन वॉटसन के क्लब में मारी एंट्री.
नई दिल्ली. जिम्बाब्वे क्रिकेट के ‘पोस्टर बॉय’ और दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडर्स में शुमार सिकंदर रजा ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में वह कारनामा कर दिखाया, जो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक केवल एक ही खिलाड़ी कर सका था. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के बेहद अहम मुकाबले में रजा ने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से न केवल प्रोटियाज टीम के पसीने छुड़ा दिए, बल्कि रिकॉर्ड बुक में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया. दक्षिण अफ्रीका ने सुपर आठ के औपचारिकता वाले मैच में जिम्बाब्वे को पांच विकेट से हराया. जिम्बाब्वे को सात विकेट पर 153 रन पर रोकने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने 17.5 ओवर में पांच विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया. दक्षिण अफ्रीका के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने 18 गेंद में दो चौके और चार छक्के की मदद से 42 रन बनाए. जिम्बाब्वे के लिए सिकंदर रजा ने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट लिए.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने तीसरे और अंतिम सुपर-8 मैच में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा (Sikandar Raza) ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अकेले दम पर मोर्चा संभाला. रजा अब दुनिया के केवल दूसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने एक ही टी20 वर्ल्ड कप मैच में अर्धशतक जड़ने के साथ-साथ 3 विकेट भी चटकाए हैं. उनसे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज शेन वॉटसन के नाम था. वॉटसन ने 28 सितंबर 2012 को कोलंबो में भारत के खिलाफ 72 रन बनाए थे और 34 रन देकर 3 विकेट लिए थे. अब 14 साल बाद रजा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को दोहराया है. रजा ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए.
सिकंदर रजा ने 73 रनों की तूफानी पारी
दिल्ली की पिच पर जब जिम्बाब्वे की टीम संकट में थी, तब नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने आए रजा ने कप्तानी पारी खेली. उन्होंने मात्र 43 गेंदों में 73 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. रजा ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और क्लीव मडांडे के साथ मिलकर उपयोगी साझेदारियां कीं. उनकी इस पारी की बदौलत जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवरों में 153/7 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. रजा की टाइमिंग और स्पिनर्स के खिलाफ उनके स्वीप शॉट्स ने दिल्ली के दर्शकों का दिल जीत लिया.
सिकंदर रजा ने शेन वॉटसन के क्लब में मारी एंट्री.
गेंदबाजी में रजा ने 3 विकेट चटकाए
बल्लेबाजी के बाद जब गेंदबाजी की बारी आई, तो सिकंदर रजा ने खुद पहला ओवर फेंकने का जिम्मा उठाया. उन्होंने अपनी फिरकी के जाल में दक्षिण अफ्रीका के बड़े नामों को फंसाया. अपनी पारी की तीसरी ही गेंद पर रजा ने खतरनाक डी कॉक को शून्य पर आउट कर दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका दिया. रजा ने अपने दूसरे ओवर में प्रोटियाज कप्तान और इस वर्ल्ड कप के उनके टॉप स्कोरर मार्करम को क्लीन बोल्ड कर दिया. अपनी स्पैल की आखिरी सफलता उन्होंने 11वें ओवर में हासिल की, जब उन्होंने ‘बेबी एबी’ यानी डेवाल्ड ब्रेविस को रयान बर्ल के हाथों कैच कराया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें