सिवनी जिले के डूंडा सिवनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगझर ग्राम के पास रविवार की रात में एक सड़क हादसा हो गया। एक वाहन ने राहगीर शहजाद खान (40) को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक नगझर बाईपास के पास पैदल जा रहे थे। नगझर ग्राम के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहगीर को गंभीर चोटें आईं। घायल को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद टक्कर मारने वाला वाहन बिना रुके मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर डूंडा सिवनी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। डूंडा सिवनी थाना प्रभारी चेन सिंह उइके ने बताया कि सड़क हादसे में राहगीर के घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां दिन-रात वाहनों और लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति से वाहन न चलाएं और सावधानी बरतें। पुलिस का कहना है कि लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण ही अधिकांश सड़क हादसे हो रहे हैं।
Source link