शाजापुर जिले के मक्सी थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर शोरूम पर मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना रविवार कों हुई, जिसका वीडियो सोमवार दोपहर को 2 बजे सामने आया। वीडियो में कुछ लोग शोरूम के अंदर मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। थाना प्रभारी संजय वर्मा के अनुसार, ग्राम झोंकर निवासी राजेश पिता रामचंद्र चौधरी (31) ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजेश शगुन मोटर्स में सेल्समैन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि 1 मार्च को दोपहर करीब 4:20 बजे अनिल गुर्जर और अरविंद गुर्जर शोरूम पहुंचे थे। शिकायत के मुताबिक, दोनों ने आरसी कार्ड की मांग की। जब राजेश ने बताया कि आरसी अभी तैयार नहीं है, तो वे गाली-गलौज करने लगे और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में दिलीप, राहुल और दो अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। इन सभी आरोपियों ने मिलकर कुर्सियां उठाकर राजेश पर हमला किया। इस मारपीट में राजेश के सिर, गर्दन, उंगली और कान में चोटें आईं। शोरूम में रखी एक नई स्प्लेंडर बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। शोरूम के अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर राजेश को बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पांच नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link