भास्कर संवाददाता | बैतूल मलकापुर रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 1 पर रविवार को गाड़ी संख्या 01928 की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। चालक के अनुसार युवक अचानक ट्रेन के सामने आ गया, जिससे वह रन-ओवर हो गया। घटना किमी 858/3 से 858/1 के बीच अप लाइन पर हुई। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जीआरपी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष है। उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। युवक ने काले रंग की हाफ शर्ट और नीली जींस पहनी थी। पहचान के तौर पर उसके बाएं हाथ पर अंग्रेजी में “एमएस” गुदा हुआ है तथा दाहिने हाथ की अंगूठे के पास वाली उंगली में पीले रंग की अंगूठी पहने मिला। जीआरपी चौकी प्रभारी रविश यादव ने बताया मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और आसपास के थानों को सूचना दे दी है। पुलिस वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Source link