सतना के बम्हनगंवा इलाके में रविवार देर रात एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी और उनकी पत्नी के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। शराब के लिए पैसे न देने पर मोहल्ले के ही आधा दर्जन बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई, जिसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रांसपोर्ट कारोबारी सर्वेश सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार देर रात मोहल्ले के ही 5-6 लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया था। बदमाशों ने उनसे शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब सर्वेश ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया, तो वे विवाद करने लगे और पीछा करते हुए सीधे उनके घर तक पहुंच गए। घर में घुसकर कारोबारी और पत्नी को पीटा पैसे न मिलने से गुस्साए ये बदमाश जबरन कारोबारी के घर में घुस गए और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी को भी बदमाशों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की गई। अचानक हुए इस हमले से घबराए पीड़ित परिवार ने किसी तरह खुद को बचाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के सामने भी हुई हाथापाई, वीडियो आया सामने घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और झड़प की स्थिति बनी रही। सोमवार को इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष पुलिस के सामने ही आपस में भिड़ते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। देर रात थाने पहुंचे दोनों पक्ष, पुलिस कर रही जांच मारपीट और हंगामे के बाद दोनों पक्ष देर रात ही सिटी कोतवाली थाने पहुंच गए। पुलिस ने पूरी घटना का संज्ञान लेते हुए अपनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और वायरल वीडियो फुटेज व दर्ज बयानों के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link