कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को आगर मालवा जिले के कानड़ नगर में दूषित जलप्रदाय के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह धरना-प्रदर्शन नगर परिषद कार्यालय के समीप आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े और जिला अध्यक्ष विजय लक्ष्मी तंवर ने किया। इसमें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए और नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े ने बताया कि 17 फरवरी 2026 को नगर में जलापूर्ति के लिए उपयोग की जाने वाली बावड़ी में एक मृत स्वान का सड़ा-गला शव पाया गया था। आरोप है कि इस घटना के बावजूद उसी जलस्रोत का पानी बिना समुचित शुद्धिकरण के नगरवासियों को आपूर्ति किया गया, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन और कानड़ नगर परिषद पर इस गंभीर लापरवाही के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस मामले में अधिकारियों की उदासीनता चिंताजनक है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी बताया कि नगर के कई वार्डों में जलापूर्ति के अलावा साफ-सफाई, नालियों की स्थिति, सड़क मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत समस्याएं लंबे समय से अनसुलझी हैं। उनका आरोप था कि नगर परिषद इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। समाधान नहीं होने पर तेज होगा आंदोलन जिला अध्यक्ष विजय लक्ष्मी तंवर ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। धरना-प्रदर्शन के बाद, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन विजय सेनानी को सौंपा। ज्ञापन में दोषियों पर कार्रवाई, जलस्रोत की गहन जांच, शुद्ध पेयजल की तत्काल व्यवस्था और नगर की अन्य समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई है।
Source link