जबलपुर के गोराबाजार क्षेत्र में रविवार शाम मारपीट की एक घटना सामने आई है। यहां एक कार चालक ने मामूली टक्कर के बाद ई-रिक्शा चालक की चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आया है। जानकारी के अनुसार रविवार शाम एक सफेद कार गोराबाजार इलाके से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से बस आने पर कार चालक ने अचानक वाहन को किनारे खड़ा कर दिया। पीछे से आ रहा ई-रिक्शा कार से टकरा गया। टक्कर के बाद कार चालक गाड़ी से नीचे उतरा और ई-रिक्शा चालक पर भड़क गया। ई-रिक्शा चालक के चेहरे पर चोट आई प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ई-रिक्शा चालक लगातार माफी मांगते हुए कह रहा था कि उसकी कोई गलती नहीं है, लेकिन कार चालक ने उसकी एक न सुनी और चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान ई-रिक्शा चालक के चेहरे पर चोट आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह विवाद को शांत कराया, जिसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने रास्ते चले गए। मामला फिलहाल थाने तक नहीं पहुंचा है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link