Last Updated:
fastest triple century record: इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज तिहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड वैसे तो वीरेंद्र सहवाग के नाम है, लेकिन मिनटों के हिसाब से यह कीर्तिमान इंग्लैंड के वॉली हैमंड ने बनाया हुआ है. इंग्लैंड के इस पूर्व बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 1933 में 288 मिनट (चार घंटे 48 मिनट) बैटिंग करते हुए 300 रन ठोक दिए थे. उन्होंने डॉन ब्रैडमैन का रिकॉर्ड ध्वस्त किया था, जिन्होंने 1930 में इंग्लैंड के खिलाफ 336 मिनट में ट्रिपल सेंचुरी पूरी की.
मिनटों के हिसाब से सबसे तेज तिहरा शतक का रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. अगर ये कहा जाए कि इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम नहीं है तो शायद ही फैंस को यकीन होगा. आंकड़े बताते हैं कि वीरेंद्र सहवाग ने 278 गेंदों का सामना करते हुए साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में तिहरा शतक जमाकर इतिहास रचा था. वह अभी भी सबसे कम गेंदों में 300 रन तक पहुंचने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं. उनके इस रिकॉर्ड के कोई आस-पास तक नहीं पहुंच सका है. सहवाग गेंदों के हिसाब से तो फास्टेस्ट ट्रिपल हंड्रेड बनाने वाले बल्लेबाज हैं, लेकिन मिनटों के लिहाज से यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के वॉली हैमंड ने अपने नाम किया हुआ है. इसको हम अगर समय के हिसाब से सबसे तेज तिहरा शतक कहें तो गलत नहीं होगा. डॉन ब्रैडमैन भी इस मामले में उनसे पीछे हैं.
दरअसल, इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर वॉली हैमंड ने सबसे मिनटों में तिहरा शतक पूरा करने का अनोखा कीर्तिमान नाम किया हुआ है.1933 में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच हुए टेस्ट मैच में ऑकलैंड का मैदान इस रिकॉर्ड का गवाह बना. इंग्लैंड की पहली पारी में वॉली हैमंड ने नाबाद रहते हुए 336 रन की मैराथन पारी खेली थी. इस पारी के दौरान उन्होंने 34 चौके और 10 छक्के लगाकर कीवी टीम को पूरी तरह से छका दिया था. हैमंड ने 300 रन तक पहुंचने के लिए 288 मिनट (4 घंटे 48 मिनट) लिए. उनकी इस पारी से इंग्लैंड ने 548/7 का स्कोर बनाकर पारी घोषित की. हालांकि, मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ.
वॉली हैमंड का तिहरा शतक का रिकॉर्ड.
वॉली हैमंड से पहले इस रिकॉर्ड पर कब्जा सर्वकालिक महान बल्लेबाज कहे जाने वाले सर डॉन ब्रैडमैन का था, जो अब इस मामले में दूसरे नंबर पर हैं. ब्रैडमैन ने 1930 में इंग्लैंड के खिलाफ 300 रन तक पहुंचने के लिए 336 मिनट ली थीं. तीन साल यह रिकॉर्ड उनके नाम रहा. वॉली हैमंड ने 48 मिनटों के फासले से इस रिकॉर्ड को अपने नाम करते हुए नया इतिहास रचा. हैमंड का यह रिकॉर्ड 93 सालों से अटूट है. वीरेंद्र सहवाग समेत एक से एक विस्फोटक बल्लेबाज आए, लेकिन कोई इस रिकॉर्ड को तोड़ने में कामयाब नहीं हुआ.
हैमंड ने तोड़े थे कई रिकॉर्ड
336 रन की नाबाद पारी खेलकर हैमंड ने कई रिकॉर्ड नाम किए थे. उस समय वह इंग्लैंड के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने थे. वह इंग्लैंड के लिए टेस्ट मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने थे. इंग्लैंड के लिए टेस्ट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा 10 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था. उस समय हैमंड का 336 रन का स्कोर टेस्ट मैच की एक पारी में किसी बल्लेबाज का सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड था. उन्होंने ब्रैडमैन के 334 रन के रिकॉर्ड को तोड़ा था.
मिनटों के हिसाब से सबसे तेज तिहरा शतक का रिकॉर्ड.
गेंदों के हिसाब से सहवाग नंबर-1
गेंदों के हिसाब से सबसे तेज तिहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग हैं. सहवाग ने 2008 में चेन्नई में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 319 रन की पारी खेली थी. इस दौरान उन्होंने सिर्फ 278 गेंदों में 300 रन पूरे कर लिए थे. सहवाग का यह रिकॉर्ड अब तक कायम है. दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका के वियान मुल्डर हैं. मुल्डर ने 2025 में 297 गेंदों पर 300 रन पूरे करते इस स्पेशल क्लब में नाम दर्ज कराया. हैरी ब्रूक 310 गेंदों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. मैथ्यू हेडन (362 गेंद) और वीरेंद्र सहवाग (364 गेंद बनाम पाकिस्तान) क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें