बड़वानी जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है। 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी पद्मविलोचन शुक्ला ने सोमवार, 2 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे बड़वानी स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। यह पद पूर्व एसपी जगदीश डावर के सेवानिवृत्त होने के बाद से रिक्त था। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद धीरज बब्बर प्रभारी के रूप में यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने 1 मार्च 2026 को आदेश जारी कर पद्मविलोचन शुक्ला को बड़वानी जिले का नया एसपी नियुक्त किया था। इससे पहले वे इंदौर में पुलिस अधीक्षक, रेल के पद पर कार्यरत थे। गृह विभाग मंत्रालय, वल्लभ भवन, भोपाल से सचिव अभिषेक सिंह के हस्ताक्षर से जारी आदेश की प्रतिलिपि संबंधित विभागों और पुलिस मुख्यालय को भेजी गई है। पदभार ग्रहण के अवसर पर एसडीओपी बड़वानी दिनेश सिंह चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। नवागत एसपी शुक्ला ने जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आमजन के प्रति संवेदनशील व प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई। यह नियुक्ति नागलवाड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में प्रस्तावित कृषि कैबिनेट बैठक से ठीक पहले हुई है। एक बड़े प्रशासनिक आयोजन से पूर्व जिले को स्थायी पुलिस अधीक्षक मिलना सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Source link