भिंड शहर के मध्य स्थित राज होली चौक पर दो सौ वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत इस वर्ष भी जिले की सबसे बड़ी होलिका का दहन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजन के बाद अग्नि प्रज्वलित की गई। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे क्षेत्र में धार्मिक व उत्सवी माहौल बना रहा। कार्यक्रम के दौरान वृंदावन से आए कलाकारों ने श्रीकृष्ण-राधिका की होली का मंचन कर भक्तिमय वातावरण तैयार किया। देर रात तक श्रद्धालु होलिका दहन स्थल पर मौजूद रहे। सिंधिया स्टेट काल से जुड़ी परंपरा
स्थानीय जनों के अनुसार राज होली का दहन सिंधिया स्टेट काल से होता आ रहा है। इतिहासकारों का मानना है कि भदावर शासकों के बाद जब भिंड सिंधिया राज्य के अधीन आया, तब माधवराव सिंधिया के शासनकाल में शहर की सबसे बड़ी होली जलाने की परंपरा प्रारंभ हुई। तभी से इसे “राज होली” के नाम से जाना जाता है। राज होली पर अग्नि प्रज्वलित होने के बाद लोग यहां से अग्नि लेकर अपने घरों में होली जलाते हैं। मान्यता है कि इस अग्नि से घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। राख घर ले जाने की परंपरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि होलिका दहन की राख को घर में रखने और चौखट पर लगाने से ग्रह दोष दूर होते हैं तथा नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है। इसी विश्वास के चलते आज भी बड़ी संख्या में लोग राज होली की राख अपने घर ले जाते हैं। आसपास के गांवों में भी पहुंचती थी अग्नि
पूर्व में राज होली की अग्नि भिंड शहर के अलावा आसपास के गांवों में भी ले जाई जाती थी। परंपरा के अनुसार राज होली के दहन के बाद ही अन्य स्थानों पर होली जलाई जाती थी। स्थानीय निवासी रामनाथ कुशवाह भगत ने बताया कि वे वर्षों से इस परंपरा में शामिल हो रहे हैं और आज भी श्रद्धा के साथ इसे निभाया जा रहा है। दो सौ साल से एक ही स्थान पर जलती आ रही राज होली शहर की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है।
इन स्थानों पर हुआ होलिका दहन
शहर में वाटर वर्क्स के पास, भीमनगर चौराहा, खंडेरावजीनगर, राज होली चौराहा, शासकीय स्कूल वाली गली, हाउसिंग कॉलोनी, विकास नगर मंदिर, प्राइवेट बस स्टैंड, भवानीपुरा पुलिया, एमजेएस कॉलेज मैदान, पुरानी बस्ती झांसी मोहल्ला, बहादुरपुरा, जवाहरगंज, सेठिया मार्केट, मिंडी रोड मंदिर, किला क्षेत्र, माधौगंज घाट, गोविंद नगर, नवादा, होलियाना मंदिर, लश्कर रोड, सुभाष नगर, अंबेडकर चौराहा सहित 100 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन किया गया। यहां रहे पुलिस के फिक्स पाइंट
गांधी मार्केट, पेड़ चौराहा, माधौगंज घाट, नयागांव वाटर वर्क्स, इटारगांव चौराहा, संतोषी माता मंदिर क्षेत्र, भवानीपुरा, भीमनगर, हाउसिंग कॉलोनी, राजहोली, वनखंडेश्वर मंदिर, महावीरगंज, शास्त्री चौराहा, बस स्टैंड, लहार रोड चौराहा, जमना तिराहा, संगत गार्डन, आरटीओ बैरियर, भारौली रोड तिराहा, आईटीआई तिराहा, रेलवे क्रॉसिंग सहित प्रमुख चौराहों पर पुलिस के फिक्स पाइंट लगाए गए। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति, सौहार्द और पारंपरिक मर्यादा के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।
Source link