नीमच के कैंट थाना क्षेत्र में सोमवार शाम मंगलम ज्वेलर्स के एक मुनीम के साथ 6.5 तोला सोना लूटने की वारदात सामने आई है। हालांकि, पुलिस को मुनीम की कहानी पर कुछ शक है और मामले की जांच की जा रही है। मंगलम ज्वेलर्स के संचालक मनीष सिंघल ने अपने 35 वर्षीय मुनीम दिलखुश को करीब 65 ग्राम सोना कारीगर के पास बदलने के लिए भेजा था। मुनीम का दावा है कि जब वह छोटा सराफा से आजादगंज के पास मैदान की ओर पैदल जा रहा था, तभी दो बदमाशों ने उसे घेर लिया। उन्होंने मुनीम के पेट में मुक्का मारा, चाकू से हाथ पर वार किया और आंखों में स्प्रे छिड़क दिया। मुनीम के मुताबिक, धुंधला दिखने का फायदा उठाकर बदमाश उसकी जेब से सोना निकालकर रफूचक्कर हो गए। बेहोश मिला मुनीम, राहगीर ने दी सूचना जब काफी देर तक मुनीम दुकान नहीं लौटा, तो संचालक ने उसे फोन लगाया। फोन एक राहगीर ने उठाया और बताया कि मुनीम मैदान में बेहोश पड़ा है। आनन-फानन में संचालक मौके पर पहुंचे और घायल मुनीम को श्रीराम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मुनीम के बयान दर्ज किए। पुलिस को शक, जांच जारी डॉक्टर का कहना है कि मुनीम की हालत सामान्य है और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है। थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के अनुसार, मुनीम लूट का दावा तो कर रहा है, लेकिन शुरुआती जांच और मौके के हालात को देखते हुए यह मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि सच सामने आ सके कि यह वाकई लूट है या कुछ और।
Source link