सिवनी जिले के समनापुर में सोमवार दोपहर अपने खेत पर सिंचाई की व्यवस्था देखने गए एक युवक का पैर फिसलने से वह गहरे कुएं में जा गिरा। ग्रामीणों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद जब तक युवक को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मशीन की देखरेख के दौरान हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान समनापुर वार्ड निवासी अंकुश चौरसिया (22) के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर लगभग 12:30 बजे अंकुश अपने खेत पर सिंचाई के लिए रखी पानी की मशीन की जांच करने गया था। आशंका जताई जा रही है कि मशीन के पास काम करते समय या चलते हुए अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पास ही स्थित गहरे कुएं में समा गया। चीख-पुकार सुन दौड़े ग्रामीण, रेस्क्यू में लगा समय युवक के कुएं में गिरते ही वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग और परिजन मौके पर जमा हो गए। तुरंत लखनादौन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन कुआं गहरा होने के कारण अंकुश को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाहर निकाले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खुले कुओं के मुंडेर ऊंचे कराने की मांग इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों में स्थित खुले कुओं के मुंडेर ऊंचे कराए जाएं या सुरक्षा जाली लगवाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। लखनादौन थाना प्रभारी के.पी. धुर्वे ने बताया- पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक दृष्टि में यह मामला एक दुर्घटना प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सटीक कारणों का पता विस्तृत जांच और पीएम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।
Source link