Last Updated:
MPPSC Turban Removing Controversy: मध्य प्रदेश के रतलाम में MPPSC SET परीक्षा के दौरान एक अमृतधारी सिख छात्रा की पगड़ी उतरवाने और किरपान चेक करने के आरोप से विवाद खड़ा हो गया. चित्तौड़गढ़ की गुरलीन कौर ने परीक्षा केंद्र पर धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही है. घटना के बाद स्थानीय सिख समाज के लोगों ने परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. सुरक्षा जांच और धार्मिक संवेदनशीलता को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं.
MPPSC Turban News: मध्य प्रदेश के रतलाम में रविवार को उस वक्त विवाद खड़ा हो गया, जब MPPSC राज्य पात्रता परीक्षा (SET) देने आई एक अमृतधारी सिख छात्रा ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र पर चेकिंग के दौरान उसकी पगड़ी उतरवाई गई और किरपान भी हटाकर जांच की गई. इस घटना के बाद स्थानीय सिख समाज में नाराजगी फैल गई और परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध शुरू हो गया.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के चित्तौड़गढ़ की रहने वाली गुरलीन कौर रतलाम के सागोद रोड स्थित उत्कृष्ट स्कूल केंद्र पर परीक्षा देने पहुंची थीं. परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक था. प्री-एग्जाम फ्रिस्किंग के दौरान महिला स्टाफ ने उन्हें अलग कमरे में ले जाकर डुमाला (पगड़ी) उतारने के लिए कहा. आरोप है कि उनकी किरपान भी सुरक्षा जांच के लिए हटाई गई और चेकिंग के बाद वापस कर दी गई. छात्रा का कहना है कि इस प्रक्रिया से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं.
सुरक्षा जांच या धार्मिक संवेदनशीलता?
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहते हैं, लेकिन इस घटना ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या धार्मिक प्रतीकों के साथ ऐसी जांच जरूरी थी? सिख समुदाय में पगड़ी और किरपान आस्था का अहम हिस्सा माने जाते हैं. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सिख समाज के लोग केंद्र के बाहर इकट्ठा हो गए और विरोध जताया.
समाज में नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा जांच के नाम पर धार्मिक पहचान के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है. वहीं परीक्षा प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. फिलहाल मामला चर्चा में है और लोगों की निगाहें प्रशासन की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें