अशोकनगर में होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। इस दौरान हुड़दंग मचाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सोमवार शाम से ही पुलिसकर्मी ड्यूटी पर हैं और यह व्यवस्था बुधवार तक जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि होली के मद्देनजर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। होलिका दहन के समय से ही पुलिस के पॉइंट, पेट्रोलिंग पार्टियां और अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। मंगलवार को भी छोटी होली खेली जाती है, जिसके लिए 4 मार्च तक पूरी व्यवस्था लागू रहेगी। शहर के प्रमुख संवेदनशील इलाकों में फिक्स पॉइंट लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, अलग-अलग पुलिस पार्टियां बनाई गई हैं, जिनका थाना प्रभारी स्वयं भ्रमण करेंगे। इन सभी गतिविधियों की निगरानी एसडीओपी और एएसपी द्वारा की जाएगी। रिजर्व बल और बलवा ड्रिल पार्टी भी तैनात की गई है। एसपी मिश्रा ने विशेष रूप से दो बिंदुओं पर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि होली के हुड़दंग में कुछ स्थानों पर पत्थरबाजी की घटनाएं होती हैं, और कई बार बाइक पर हुड़दंग करते हुए लोग शर्ट नहीं पहनते या शराब पीकर वाहन चलाते हैं। एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि होली हुड़दंग का नहीं, बल्कि मिलजुलकर रंग खेलने का त्योहार है। उन्होंने कहा कि अच्छे से होली खेलने वालों का स्वागत है, लेकिन हुड़दंग करने वालों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों पर हमारी पार्टियां नजर रख रही हैं और उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शहर में वाहनों की चेकिंग के लिए भी पॉइंट लगाए गए हैं। वाहन चालकों की जांच की जाएगी और यदि कोई नशे में वाहन चलाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। होली को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी थानों, लाइन और एसएएफ का बल भी लगाया गया है।
Source link