उज्जैन में चाकूबाजी की दो घटनाएं: पुलिस ने गेट तोड़कर पकड़ा आरोपी; छेड़छाड़ से रोकने पर किया चाकू से हमला – Ujjain News

उज्जैन में चाकूबाजी की दो घटनाएं:  पुलिस ने गेट तोड़कर पकड़ा आरोपी; छेड़छाड़ से रोकने पर किया चाकू से हमला – Ujjain News




जीवाजी थाना क्षेत्र के ग्यारसी नगर में एक शराबी ने क्रिकेट खेल रहे कुछ किशोरों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वे घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहीं पुलिस के डर से शराबी एक कमरे में छिप गया, जिसे दरवाजा तोड़कर निकालना पड़ा। वहीं दूसरी घटना महाकाल थाना क्षेत्र में सामने आई है। जहां पुरानी रंजिश में आरोपियों ने चाकू मारकर एक युवक को घायल कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्यारसी नगर में होली के अवसर पर रात्रि जागरण चल रहा था। पास ही मैदान में कुछ युवा और किशोर क्रिकेट खेल रहे थे। खेलते समय उनकी गेंद पास में शराब पी रहे कुछ लोगों के पास चली गई। इस बात से नाराज होकर नशे में धुत बदमाशों ने पहले पत्थरबाजी की। जब युवकों ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में अंश सहित तीन युवक घायल हो गए, जिन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। आरोपी को दरवाजा तोड़कर निकाला घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक आरोपी पुलिस से बचने के लिए छिपता दिख रहा है, जिसे तीन पुलिसकर्मी गेट तोड़कर पकड़ते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस मामले में आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है। युवक पर घेर कर चाकू से हमला महाकाल थाना क्षेत्र के नलिया बाखल में भी चाकूबाजी की घटना सामने आई है। यहां एक किराना दुकान के सामने मोहम्मद शादाब नामक युवक पर कुछ आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते घेराबंदी कर चाकू से हमला कर दिया। हमले में शादाब गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए चरक भवन में भर्ती कराया गया है। घायल शादाब के अनुसार करीब 15 दिन पहले कुछ युवक उसके घर के पास लड़कियों से छेड़छाड़ कर रहे थे। शादाब ने उन्हें मोहल्ले में आने से मना किया था, जिसके कारण आरोपी उससे रंजिश रखने लगे थे। घटना वाले दिन जब वह कबाड़ का सामान बेचकर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने उसे घेरकर चाकू से हमला किया और उसके पास मौजूद ₹5000 लूटकर फरार हो गए। युवक ने पुलिस से अपनी सुरक्षा की मांग की है।



Source link