देश के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब बरकरार रखने की दिशा में एक और पहल की गई है। 94.3 माय एफएम ने इंदौर नगर निगम के साथ मिलकर “घर की सफाई” अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य शहर में बढ़ रहे कबाड़ और खासकर ई-वेस्ट की समस्या का समाधान निकालना है। अभियान के तहत माय एफएम की टीम घर-घर से अनुपयोगी सामग्री एकत्रित करेगी। इसमें पुरानी लोहे व अन्य धातु की वस्तुएं, खराब इलेक्ट्रिक-इलेक्ट्रॉनिक सामान, गद्दे, फर्नीचर और अन्य कबाड़ शामिल हैं। एकत्रित सामग्री को ‘वेस्ट से बेस्ट’ थीम के तहत उपयोग में लाकर नई और रचनात्मक कलाकृतियों में बदला जाएगा। कबाड़ से खास कलात्मक संरचनाएं तैयार करेंगे इस पहल से इंदौर के मेटल आर्टिस्ट देवल वर्मा भी जुड़ गए हैं, जो कबाड़ से खास कलात्मक संरचनाएं तैयार करेंगे। अभियान का शुभारंभ इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने माय एफएम के आरजे अभी के साथ किया। इस दौरान महापौर ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही शहर नंबर वन बनता है। उन्होंने शहरवासियों से इस अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की। नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर प्रखर सिंह ने भी माय एफएम के जरिए नागरिकों को संदेश देते हुए कहा कि ई-वेस्ट और कबाड़ का सही निस्तारण पर्यावरण संरक्षण के लिए जरूरी है। अभियान से जुड़ने के लिए यहां कॉल करें अभियान से जुड़ने के लिए नागरिक 7770-943-943 पर कॉल या वॉट्सऐप कर सकते हैं। माय एफएम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों में बेकार पड़ी वस्तुएं इस अभियान के तहत दें और स्वच्छ इंदौर की दिशा में भागीदार बनें। इस अभियान की ज़्यादा जानकारी और अपडेट जानने के लिए सुनते रहिये 94.3 माय एफएम…
Source link