गुना में बल्ब बदलते समय करंट से नाबालिग की मौत: बुजुर्ग पर कार चढ़ाकर मारने का आरोप; पत्नी के न आने से नाराज युवक ने लगाई फांसी – Guna News

गुना में बल्ब बदलते समय करंट से नाबालिग की मौत:  बुजुर्ग पर कार चढ़ाकर मारने का आरोप; पत्नी के न आने से नाराज युवक ने लगाई फांसी – Guna News




जिले के तीन अलग अलग इलाकों में हुए हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। म्याना इलाके में नहाने गई एक नाबालिग की बाथरूम का बल्ब बदलते समय करंट लगने से मौत हो गई। वहीं कुंभराज इलाके में एक बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत हो गई। शहर के बूढ़े बालाजी इलाके में पत्नी के मायके से न आने से नाराज युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पहला मामला म्याना इलाके का है। बरखेड़ा सफ़ा गांव की रहने वाली प्रीति अहिरवार(15) अपने परिवार के साथ मजदूरी करने गई थी। सोमवार शाम को वह फसल काटकर परिवार के साथ अपने घर वापस आ गई। शाम लगभग 8 बजे वह नहाने के लिए बाथरूम में गई। बाथरूम का बल्ब खराब था, तो उसने एक नया बल्ब लिया और उसे बदलने लगी। इसी दौरान उसे बिजली का झटका लगा और वह बाथरूम में ही फिसल गई। फिसलते समय बिजली का वायर उसके हाथ में फैंस गया। इससे उसे जोरदार करंट लगा और वहीं पर वह बेहोश हो गई। परिवार वाले उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गाड़ी चढ़ाकर बुजुर्ग को मारने का आरोप दूसरा मामला कुंभराज इलाके का है। यहां रामा खेजरा गांव के रहने वाले रामप्रसाद लोधा(70) खेती करते थे। कुछ वर्ष पहले उनके परिवार का गांव के ही दूसरे परिवार से झगड़ा हो गया था। तभी से दोनों परिवारों में रंजिश चल रही थी। सोमवार शाम रामप्रसाद अपने घर से गेहूं पिसवाने के लिए गांव से कुछ दूरी पर स्थित चक्की पर गए थे। इसी दौरान एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। वह सड़क पर ही गिर पड़े। ग्रामीणों ने परिवार वालों को सूचना दी। परिवार वाले उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार का आरोप है कि जिनसे रंजिश थी, उन्होंने ही कार चढ़ाकर हत्या की है।
पत्नी के गम में पति ने किया सुसाइड तीसरा मामला शहर के बूढ़े बालाजी इलाके का है। यहां रहने वाला लक्ष्मण अहिरवार मजदूरी करता था। आठ महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। चार महीने पहले लक्ष्मण की पत्नी और उसके सास ससुर सभी काम करने गुजरात गए थे। एक महीने पहले लक्ष्मण ने कहा कि उसे कुछ पैसे दे दो, घर जाना है, तो ससुर ने उसे मारपीट कर वहां से भगा दिया। इसके बाद वह गुना आ गया था। लक्ष्मण ने कई बार अपनी पत्नी से वापस आने का कहा, लेकिन उसकी पत्नी वापस नहीं आ रही थी। इसी बात से परेशान हो कर सोमवार रात उसने अपने घर में फांसी लगाकर सुसाइड कर दिया। उसने रस्सी से फंदा बनाया और उस पर झूल गया। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला, तो परिवार वालों ने अंदर झांककर देखा। वह कमरे में फंदे पर लटका हुआ था।
परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे फंदे से नीचे उतारकर जिला अस्पताल भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल में आज सुबह तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया गया। पीएम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिए गए हैं।



Source link