होली पर्व के मद्देनजर कलेक्टर जबलपुर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर में मिठाई प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान अंधेरदेव स्थित श्रीराम स्वीट्स एंड नमकीन और अधारताल चौक स्थित श्री स्वीट्स एंड बेकरी की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान, अधारताल स्थित श्री स्वीट्स एंड बेकरी में बिक्री के लिए रखा लगभग 50 किलोग्राम छैना (चमचम) कीटों और कॉकरोच से दूषित पाया गया। खाद्य सुरक्षा दल ने नगर निगम की सहायता से मौके पर ही पूरी मात्रा को नष्ट करवा दिया। इस कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालक मुकेश तिवारी ने लगातार विरोध किया, जिसके बाद पुलिस बल की मदद से कार्रवाई पूरी की गई। साथ ही, प्रतिष्ठान में सिल्वर फॉयल (चांदी वर्क) के स्थान पर एल्युमिनियम फॉयल के उपयोग की आशंका के चलते मलाई रोल का नमूना लेकर उसे राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। श्रीराम स्वीट्स एंड नमकीन से छैना और नमकीन के नमूने भी जांच के लिए सुरक्षित किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित व्यवसायी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link